हरियाणा के इस शहर की बदलेगी तस्वीर ! सड़क निर्माण के लिए करोड़ों का बजट मंजूर
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : बरवाला शहर की आवासीय कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बरवाला की 7 आवासीय कॉलोनियों में सडक़ निर्माण कार्यों के लिए शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय द्वारा 16 करोड़ 15 लाख 97 हजार रुपये की राशि आबंटित की गई है।
सरकार की ओर से कुल 7 निर्माण कार्यों के लिए फंड आवंटित करने के साथ-साथ 5 कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि स्वीकृत कार्यों के तहत विजय विहार कॉलोनी, शहीद भगत सिंह नगर, राजधानी एन्क्लेव एवं राजधानी एन्क्लेव एक्सटेंशन, विकास नगर एवं विजय विहार कॉलोनी, नंद विहार, गोकुल कुंज, प्रशांत विहार, शिव नगर-2 व अन्य कॉलोनियों में सडक़ निर्माण कार्य करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से बरवाला की नव नियमित कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बेहतर सडक़ एवं बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
राज्य वित्त आयोग के तहत शहरी आधारभूत ढांचा विकास योजना के अंतर्गत इन कार्यों को वित्तीय नियमों के अनुसार करवाया जाएगा। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्रता से आगे बढ़ाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
