हरियाणा के इस जिले की बदलेगी तस्वीर ! यहां बनेगी नई IMC, नई सड़कों के साथ युवाओं को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को गांव खरकड़ी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने गांव में करीब 2 करोड़ 75 लाख 9 हजार रुपये की लागत से निर्मित बूस्टिंग स्टेशन, 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन तथा 8 लाख रुपये की लागत से करवाए गए चौपाल के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को पेयजल, शिक्षा तथा सामुदायिक सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना तथा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
न्याना-खरकड़ी सड़क के निर्माण पर खर्च होंगे 2.32 करोड़
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि गांव न्याना से खरकड़ी के बीच सड़क के निर्माण का टेंडर किया जा चुका है। इस सड़क के निर्माण पर करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आसपास के गांवों के साथ संपर्क व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा लगातार कार्य करवाए जा रहे हैं।
2.75 करोड़ से बना बूस्टिंग स्टेशन
रणबीर गंगवा ने बताया कि खरकड़ी गांव में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 2 करोड़ 75 लाख 9 हजार रुपये की लागत से बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण करवाया गया है। इससे गांव में पेयजल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा तथा ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही हैं और पुरानी व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
स्कूल भवन से विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक सुविधा
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव में 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक आधारभूत ढांचा विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाता है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा गांव की चौपाल में 8 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों की मांगों पर नियमानुसार होगी कार्रवाई
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि गांव की सरपंच संतोष तथा ग्रामीणों की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में सामुदायिक केंद्र, आयुष अस्पताल और बैंक शाखा स्थापित करने, महिला चौपाल बनाने, स्ट्रीट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरे लगवाने, बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने तथा गऊघाट बनाने जैसी मांगों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
रणबीर गंगवा ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के समीप बनने वाले इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि हिसार और आसपास के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विस्तार के साथ-साथ उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियों से युवाओं में बढ़ा विश्वास
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और मेरिट को प्राथमिकता दी है। इसका लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों के होनहार युवाओं को मिला है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने से प्रदेश के युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तर्ज पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, उपाध्यक्ष नरेश, गांव की सरपंच संतोष, विक्रम सोनी, अन्वेश यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक, ग्रामीण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।