अश्विनी बाजार के व्यापारियों का आक्रोश आया सड़क पर
उदयपुर 12 दिसंबर 2019। देहलीगेट से लेकर हाथीपोल तक अव्यवस्थाओ और अतिक्रमण का जाल बिछ चूका है। शहर के मध्य में स्थित इस क्षेत्र से उदयपुर का हर व्यक्ति दिन में एक बार तो यहाँ गुज़रता ही है। ऐसे में यहाँ से गुज़रने वाले ही नहीं बल्कि अश्विनी बाजार के व्यापारी भी त्रस्त हो चुके है।
एक तो अतिक्रमण और दूसरा देहलीगेट से लेकर हाथीपोल तक की बिगड़ी ट्रैफिक की समस्या ऊपर से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होने वाले काम के मटेरियल को अश्विनी बाजार में डम्पिंग यार्ड बन जाना। हालाँकि यहाँ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कोई काम नहीं हो रहा है लेकिन स्थानीय व्यापारियों के अनुसार सारा सामान यहाँ डंप किया जा रहा है।

इसी समस्या को लेकर आज अश्विनी बाजार व्यापर संघ के व्यापारीयो ने आज सड़को पर आकर आक्रोश जताते हुए कुछ देर के लिए अपने प्रतिष्ठान और दुकान बंद कर विरोध जताया। मौके पर स्थानीय पार्षद के प्रतिनिधि मोहम्मद अयूब भी आ गए। नगर निगम के अधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया। नगर निगम के अधिकारी ने दो दिन यानि 14 तारीख तक सभी अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है।
वैसे अगर देहलीगेट चौराहा की बात की जाये तो यहाँ यातायात कंट्रोल रूम के पीछे की गयी वर्तमान ट्रैफिक व्यवस्था से भी लोग खासे परेशान दिखे। देहलीगेट चौराहा पर कहीं सब्ज़ी वालो का अतिक्रमण तो कहीं बेतरतीब सवारी ऑटो की पार्किंग समस्या बनी हुई है। पार्किंग की समस्या से झूझने के लिए नगर निगम ने तैय्याबियाह स्कूल के सामने नगर निगम ने करोडो रूपये फूँक कर पार्किंग तो बना डाली लेकिन वहां कोई गाडी पार्किंग की हुई कहीं नज़र नहीं आती।

और अगर अश्विनी बाज़ार की बात की जाये तो यहाँ बिखरे पड़े बेतरतीब मटेरियल डंपिंग से न सिर्फ ट्रैफिक में बाधा उतपन्न हो रही है बल्कि स्थानीय व्यापारी भी धूल मिटटी से परेशान है।