हरियाणा के इन गांवों की सड़के होंगी चकाचक ! लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा

 | 
हरियाणा के इन गांवों की सड़के होंगी चकाचक ! लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करने और आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है। इसी दिशा में नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोथ कलां से खानपुर तक सड़क की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य के लिए हरियाणा सरकार ने 2 करोड़ 45 लाख 92 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।

उन्होंने बताया कि इस सड़क की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की मांग के अनुरूप सड़क के एक हिस्से में सीसी ब्लॉक के स्थान पर सीसी पेवमेंट का प्रावधान किया गया है। इसके लिए 245.92 लाख रुपये की संशोधित प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। मंजूरी मिलने के बाद अब सड़क से संबंधित आगामी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने दैनिक आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलती है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को आवश्यकतानुसार मजबूत एवं बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि कोथ कलां से खानपुर सड़क के सुधरने से कोथ कलां, खानपुर तथा आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों को धरातल पर तेजी से लागू करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्राप्त मांगों और आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क के इस कार्य के लिए संशोधित प्रशासनिक मंजूरी दिया जाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News