हरियाणा में विभागीय परीक्षाओं का कार्यक्रम हुआ तय, 23 अक्टूबर तक भेजने होंगे आवेदन

 | 
हरियाणा में विभागीय परीक्षाओं का कार्यक्रम हुआ तय, 23 अक्टूबर तक भेजने होंगे आवेदन

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आगामी विभागीय परीक्षाओं का कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया है। विभागीय परीक्षाएं 16 नवंबर से 20 नवंबर, 2026 तक पंचकूला के सेक्टर-12-ए स्थित सार्थक राजकीय एकीकृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं निर्धारित दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी। प्रातःकालीन सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

इस संबंध में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

16 नवंबर को सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त के पद के अभ्यर्थियों तथा तहसीलदारों के लिए क्रिमिनल लाॅ प्रथम प्रश्न-पत्र एवं सिविल लाॅ की परीक्षा होगी। वन विभाग के लिए वन विधि एवं भू-राजस्व, पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा मत्स्य विभाग के लिए लेखा तथा विभागीय नियमों, विकास एवं पंचायत विभाग के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के लिए प्रश्न पत्र-1 विकास एवं योजना, पंचायती राज विभाग के इंजीनियरिंग समूह के एसडीओ के लिए प्राक्कलन एवं लागत निर्धारण (विद्युत)-1, लोक निर्माण विभाग विशिष्टियां-1 और वन्यप्राणी संरक्षण विभाग के लिए लेखा एवं विभागीय नियमों से सम्बन्धित परीक्षा भी इसी दिन होगी।

17 नवंबर को सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त के पद के अभ्यर्थियों तथा तहसीलदारों के लिए क्रिमिनल लाॅ द्वितीय प्रश्न-पत्र एवं वित्तीय नियमों की परीक्षा होगी। वन विभाग के लिए प्रक्रिया एवं लेखा और हिन्दी, सहकारिता विभाग के लिए लेखा, विकास एवं पंचायत विभाग के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के लिए विकास योजना प्रश्नपत्र-2, पंचायती राज विभाग के इंजीनियरिंग समूह के एसडीओ के लिए विद्युत सम्प्रेषण एवं वितरण-2 परीक्षा तथा डिजाइन-2 की परीक्षा भी इसी दिन होगी।

18 नवंबर को सहायक आयुक्तों एवं ईएसी पद के उम्मीदवारों के लिए तथा तहसीलदारों के लिए क्रिमिनल लाॅ तृतीय प्रश्न-पत्र, जिसमें जेल संबंधी प्रावधान भी शामिल हैं, और राजस्व कानून प्रथम प्रश्न-पत्र होगा। कारागार विभाग के लिए पंजाब जेल मैनुअल तथा संबंधित विषयों की परीक्षा, विकास एवं पंचायत विभाग के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के लिए बजट एवं लेखा प्रश्नपत्र-3, पंचायती राज विभाग के इंजीनियरिंग समूह के एसडीओ के लिए मैनुअल ऑफ ऑर्डर्स, लेखा एवं कार्यालय प्रक्रिया की परीक्षा (विद्युत) तथा निर्वाचन विभाग के सहायक और इलैक्शन कानूनगो के लिए इलैक्शन लाॅ-1 की परीक्षा होगी।

19 नवंबर को सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त तथा अतिरिक्त सहायक आयुक्त के पद के अभ्यर्थियों और तथा तहसीलदारों के लिए स्थानीय निधि तथा राजस्व विधि द्वितीय प्रश्न-पत्र की परीक्षा होगी। कारागार विभाग के लिए क्रिमिनल लाॅ प्रश्नपत्र-3 तथा वित्तीय नियम प्रश्नपत्र-4, विकास एवं पंचायत विभाग के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के लिए प्रश्नपत्र-4 (सम्बद्ध अधिनियम), पंचायती राज विभाग के इंजीनियरिंग समूह के एसडीओ के लिए विद्युत अधिनियम एवं संबंधित तकनीकी विषयों की परीक्षा होगी। निर्वाचन विभाग के सहायक और इलेक्शन कानूनगो के लिए प्रशासनिक/लेखा नियमों तथा क्लर्क, जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर और मुहर्रिर के लिए निर्वाचन कानून की परीक्षा भी इसी दिन होगी।

20 नवंबर को सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त एवं ईएसी पद के उम्मीदवारों के लिए हिंदी तथा तहसीलदारों के लिए पटवारी क्षेत्रमिति और उर्दू की परीक्षा होगी। कृषि एवं बागवानी विभाग के लिए लेखा, कारागार विभाग के लिए हिंदी भाषा और पंचायती राज विभाग के इंजीनियरिंग समूह के एसडीओ के लिए वीपीडब्ल्यूडी स्पेशिफिकेशन और एस्टीमेशन की परीक्षा भी इसी दिन होगी।

विभागीय परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को 23 अक्टूबर, 2026 तक अपने संबंधित विभागाध्यक्ष या प्रशासनिक सचिव, जैसा भी लागू हो, के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करना होगा। केंद्रीय परीक्षा समिति को सीधे भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News