2524 KM की जुदाई खत्म ! शादी के बाद IAS पति का ट्रांसफर, अब IPS पत्नी के साथ करेंगे सेवा

 | 
2524 KM की जुदाई खत्म ! शादी के बाद IAS पति का ट्रांसफर, अब IPS पत्नी के साथ करेंगे सेवा 

Udaipur Times, IAS Anup Garg IPS Sakshi Jamuar Jharkhand : यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास कर देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में जगह बनाने वाले IAS अनुप गर्ग और IPS साक्षी जमुआर की कहानी आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग प्रयासों में सिविल सेवा परीक्षा पास की, शादी की और अब केंद्र सरकार की अंतर-कैडर (Inter-Cadre) ट्रांसफर नीति के तहत एक ही राज्य में सेवा देने का मौका मिला है।

केरल से झारखंड कैडर में हुआ ट्रांसफर

2022 बैच के IAS अधिकारी अनुप गर्ग का विवाह 2024 बैच की IPS अधिकारी साक्षी जमुआर से हुआ है। शादी के बाद अनुप गर्ग का केरल कैडर से झारखंड कैडर में अंतर-कैडर स्थानांतरण मंजूर कर दिया गया है। इससे पहले दोनों अलग-अलग राज्यों में तैनात थे और उनके बीच करीब 2,524 किलोमीटर की दूरी थी। अब दोनों झारखंड में साथ काम कर सकेंगे।

2524 KM की जुदाई खत्म !

IAS अनुप गर्ग कौन हैं?

अनुप गर्ग मूल रूप से ओडिशा के राउरकेला के रहने वाले हैं। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2021 में ऑल इंडिया रैंक 269 हासिल की थी। यह उनकी पांचवीं कोशिश थी। इसके बाद उन्हें 2022 बैच में केरल कैडर आवंटित हुआ।

उन्होंने केरल में सहायक कलेक्टर (कन्नूर), इडुक्की के सब-कलेक्टर, सब-कलेक्टर ग्रेड-1 और बाद में जिला विकास आयुक्त एवं इडुक्की पैकेज के विशेष अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने "With People" नामक जन-केंद्रित पहल शुरू की, जिसका उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना था।

अनुप गर्ग ने दयानंद सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में बी.टेक किया है। बाद में उन्होंने इग्नू से मास्टर डिग्री भी हासिल की।

IPS साक्षी जमुआर कौन हैं?

साक्षी जमुआर का पालन-पोषण झारखंड में हुआ। उन्होंने रांची के नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL) से कानून की पढ़ाई की। उनके पिता भी झारखंड में जिला कलेक्टर रह चुके हैं।
साक्षी ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक 89 हासिल की। यह उनका तीसरा प्रयास था। उन्हें झारखंड कैडर मिला और वर्तमान में वह रांची में प्रोबेशनरी एएसपी के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
साक्षी की रुचि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं को समझने और स्वयं सहायता समूहों के बीच कानूनी जागरूकता फैलाने में रही है।

कुल 8 प्रयासों में हासिल की सफलता

इस 'पावर कपल' की खास बात यह है कि दोनों ने मिलकर कुल 8 प्रयासों में यूपीएससी परीक्षा पास की। जहां अनुप गर्ग को सफलता पांचवें प्रयास में मिली, वहीं साक्षी जमुआर ने तीसरे प्रयास में परीक्षा पास कर IPS बनने का सपना पूरा किया।

अंतर-कैडर ट्रांसफर की सुविधा

केंद्र सरकार की नीति के अनुसार, यदि दो अखिल भारतीय सेवा (IAS/IPS/IFS) अधिकारी अलग-अलग कैडर के हैं और उनका विवाह हो जाता है, तो वे अंतर-कैडर ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रावधान के तहत अनुप गर्ग का स्थानांतरण केरल से झारखंड कर दिया गया है। अब यह कपल एक ही राज्य में रहकर प्रशासनिक और पुलिस सेवा के जरिए लोगों की सेवा कर सकेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News