हरियाणा में 9 अगस्त को यहां होगी राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, विजेता को मिलेंगे 1 लाख रुपये

 | 
हरियाणा में 9 अगस्त को यहां होगी राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, विजेता को मिलेंगे 1 लाख रुपये 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के 'हरियाणा उदय अभियान' के तहत कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ (नारनौल) द्वारा 'राज्य स्तरीय हाफ मैराथन 2026' का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष आयोजन को लेकर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और समस्त नागरिकों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मैराथन दौड़ नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे की गंभीर समस्या से दूर रखने और एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला एक महा-अभियान है।

यह राज्य स्तरीय हाफ मैराथन आगामी 9 अगस्त, 2026 (रविवार) को प्रातः 07:00 बजे आयोजित की जाएगी। इस बार दौड़ की शुरुआत के लिए नूनी शेखपुरा - सेक्टर मोड़ (नारनौल-महेंद्रगढ़ रोड) को नया स्टार्टिंग पॉइंट बनाया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे और हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए इस मैराथन की विशेष थीम 'हर घर तिरंगा' रखी गई है।

प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आकर्षक नकद पुरस्कार एवं सम्मान की व्यवस्था की गई है। इसमें 10 किलोमीटर दौड़ की महिला एवं पुरुष दोनों श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000, द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹25,000 तय किया गया है।

इसके अलावा, सभी आयु वर्ग के लिए आयोजित 5 किलोमीटर दौड़ में भाग लेने वाले शीर्ष 3 विजेताओं को मुख्यमंत्री जी द्वारा ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि प्रत्येक प्रतिभागी को उनके उत्साह के लिए विशेष मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सभी नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं से इस आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है। इच्छुक प्रतिभागी दिए गए आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News