टंकी ओवरफ्लो होने की टेंशन खत्म ! ये ऑटोमैटिक डिवाइस अपने आप टंकी भरकर मोटर करेगा ON-OFF

 | 
टंकी ओवरफ्लो होने की टेंशन खत्म ! ये ऑटोमैटिक डिवाइस अपने आप टंकी भरकर मोटर करेगा ON-OFF 

Udaipur Times, Automatic Water Level Controller : घरों में अक्सर पानी की टंकी भरने के लिए मोटर चालू करनी पड़ती है और फिर समय पर बंद करना भी याद रखना होता है। कई बार लोग मोटर बंद करना भूल जाते हैं, जिससे टंकी का पानी ओवरफ्लो होने लगता है। इससे पानी और बिजली दोनों की बर्बादी होती है, वहीं बिना पानी के मोटर चलने पर उसके खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसी समस्या से बचने के लिए अब ऑटोमैटिक वॉटर लेवल कंट्रोलर (Automatic Water Level Controller) एक आसान और स्मार्ट समाधान बनकर सामने आया है।

कैसे काम करता है यह डिवाइस?

यह डिवाइस पानी की टंकी और मोटर के साथ लगाया जाता है। टंकी में लगे सेंसर लगातार पानी का स्तर मापते रहते हैं। जैसे ही टंकी में पानी कम होता है, कंट्रोलर अपने आप मोटर चालू कर देता है। वहीं, टंकी पूरी भरते ही सेंसर कंट्रोलर को संकेत देते हैं और मोटर अपने आप बंद हो जाती है। इससे बार-बार स्विच ऑन-ऑफ करने की जरूरत नहीं पड़ती।

पानी आने पर खुद चालू हो जाएगी मोटर

अगर आपके इलाके में तय समय पर पानी की सप्लाई होती है, तो एडवांस मॉडल पानी की सप्लाई को पहचानकर खुद ही मोटर चालू कर देते हैं। टंकी भरने या पानी की सप्लाई बंद होने पर मोटर अपने आप बंद भी हो जाती है। इससे पानी आने का समय देखने की परेशानी भी खत्म हो जाती है।

मोटर को भी रखता है सुरक्षित

इस डिवाइस का एक बड़ा फायदा यह है कि अगर नीचे की टंकी या बोरवेल में पानी नहीं है, तो यह मोटर को चालू ही नहीं होने देता। इससे मोटर ड्राई रन से बच जाती है और उसके जलने या खराब होने का खतरा काफी कम हो जाता है।

स्मार्ट मॉडल मोबाइल से भी होंगे कंट्रोल

बाजार में बेसिक और स्मार्ट दोनों तरह के वॉटर लेवल कंट्रोलर उपलब्ध हैं। स्मार्ट मॉडल मोबाइल ऐप से कनेक्ट हो जाते हैं। इनके जरिए आप फोन पर ही टंकी का पानी, मोटर की स्थिति देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर कहीं से भी मोटर को कंट्रोल कर सकते हैं। कुछ मॉडल नोटिफिकेशन भेजने की सुविधा भी देते हैं।

कितनी है कीमत?

सामान्य घरों के लिए बेसिक ऑटोमैटिक वॉटर लेवल कंट्रोलर की कीमत लगभग 700 रुपये से 3,500 रुपये के बीच होती है। वहीं, मोबाइल ऐप और अन्य स्मार्ट फीचर्स वाले प्रीमियम मॉडल इससे अधिक कीमत में उपलब्ध हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News