भाखड़ा बांध में मानसून से पहले बढ़ा जलस्तर, BBMB ने बड़ा फैसला लेते हुए पंजाब-हरियाणा को दी ये सलाह
Udaipur Times, Haryana News : इन दिनों धान रोपाई का सीजन चल रहा है। इसी बीच भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) ने पंजाब, हरियाणा समेत साझेदार राज्यों को भाखड़ा जलाशय से सिंचाई के लिए अधिक पानी उठाने की सलाह दी है। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ में हुई BBMB की तकनीकी समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया।
जानकारी के अनुसार इस बैठक के दौरान अधिकारियों ने पंजाब-हरियाणा को उपलब्ध जल का अधिक उपयोग करने के लिए कहा है। बोर्ड का ऐसा मानना है कि बांध में इस समय पानी का स्तर अपेक्षाकृत ऊंचा है और आने वाले दिनों में हिमपात के पिघलने तथा मानसून के कारण अतिरिक्त जल प्रवाह मिलने की संभावना भी बनी हुई है।
BBMB के आंकड़ों से मिली जानकारी के अनुसार 9 जून को भाखड़ा जलाशय का जलस्तर 1,578.07 फीट दर्ज किया गया। बीते साल इसी दिन के 1,556.60 फीट की तुलना में 21.47 फीट अधिक है। यह स्तर इस अवधि के औसत 1,543.72 फीट से भी काफी ऊपर है।
जानकारी के अनुसार अधिकारियों का कहना है कि जलाशय अब पूर्ण जलस्तर से केवल 102 फीट नीचे है। ऐसे में भारी वर्षा या सतलुज बेसिन में अचानक बढ़ने वाले जल प्रवाह की स्थिति में अतिरिक्त भंडारण क्षमता सीमित रह जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में जलाशय में 1.75 अरब घन मीटर (बीसीएम) जीवित भंडारण उपलब्ध है, जबकि बीते साल इसी समय यह 1.27 बीसीएम था। जलाशय की भराव क्षमता 31 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो 9 जून 2025 के 22 प्रतिशत और दीर्घकालिक औसत 18 प्रतिशत से काफी अधिक है।
इस बैठक के दौरान जानकारी के अनुसार यह भी सामने आया कि धान की रोपाई शुरू होने के बावजूद साझेदार राज्यों ने अभी तक अपने हिस्से का पानी अपेक्षित स्तर पर नहीं लिया है। फिलहाल भाखड़ा में 13,748 क्यूसेक पानी की आमद हो रही है, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन यह 21,792 क्यूसेक थी।
मिली जानकारी के अनुसार दूसरी ओर जलाशय से 20,763 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो पिछले वर्ष के 30,528 क्यूसेक से कम है। BBMB ने राज्यों से सिंचाई जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ आगामी मानसून के लिए जलाशय में पर्याप्त भंडारण क्षमता बनाए रखने पर जोर दिया।
