Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज फिर से बदलने लगा हैं। मौसम विभाग ने बताया है की हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी होने के कारण प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को पंचकूला प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, सोनीपत के सरगथल में पारा 14.7 डिग्री पर आ गया। प्रदेश के करीब 7 जिलों में रात का पारा 16 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 19 अक्टूबर को हिसार और नूंह में दिन का तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा 22 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई है।
रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे आ गया है। पंचकूला (14.0°C), सोनीपत (14.7°C), करनाल (15.2°C), झज्जर में 15.6, महेंद्रगढ़ में 15.9 और हिसार (15.2°C) में रातें काफी ठंडी दर्ज की गईं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने से 22 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।
इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।