Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सुनियोजित, समग्र एवं आधुनिक विकास को नई गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की मौजूदा आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने पंचकूला में बेहतर नागरिक सुविधाओं, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे, सुगम यातायात व्यवस्था, पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, बेहतर पार्कों, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं तथा स्मार्ट सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला में किए जा रहे विकास कार्यो को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बसंल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग अपनी भूमि की पहचान कर अतिक्रमण से मुक्त करवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, पीएमडीए, एचएसआईडीसी सहित सभी विभाग अपनी भूमि की पहचान कर अतिक्रमण से मुक्त करवाएं। इसके साथ ही अधिकारी यह भी सुनिनिश्चित करें कि उस भूमि पर दोबारा से अतिक्रमण न हो। उन्होंने कहा कि सेक्टर 7, 11 व 17 की रेहड़ी मार्केट में पालिका बाजार चण्डीगढ की तर्ज पर मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा माजरी चौक पर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए उसे रिडिजाईन कर अण्डर पास बनाने का भी प्रपोजल बनाया जाए ताकि भविष्य में जाम की कोई समस्या न आए।
पेयजल सुलभ करवाने के लिए 100 एमएलडी बढौतरी करने पर करें कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि खडक मंगोली के लोगों को 7500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जाएगी। पंचकूला के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल सुलभ करवाने के लिए भाखड़ा से आने वाले पानी की क्षमता में 100 एमएलडी बढौतरी करने पर कार्य किया जाए। इसके अलावा कालका में भी पेयजल समस्या के स्थाई समाधान करने पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र में बरसाती पानी को एकत्र करने के लिए डैम बनाया जाए, ताकि जलसंचय हो। इसके साथ ही कोशल्या डैम की क्षमता बढाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका में मल्टीस्टोरी लाईब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेण्डर प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। कालका में गौशाला के पास 5 टयूबवैल लगाए जा रहे हैं। इनमें से दो लगाए जा चुके हैं तथा शेष लगाने पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के लिए दो गौशालाओं की पहचान कर उनमें पशुओं को भेजने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा पशुओं को छोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाई जाएगी।
मनसा देवी के आसपास बनाया जाएगा कोरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनसा देवी मंदिर के आसपास कोरिडोर बनाया जाएगा। इसके लिए भी प्रस्ताव तैयार कर अमलीजामा पहनाया जाए। सकेतड़ी के पास 117 एकड़ भूमि पर ग्रीन बेल्ट के साथ गोल्फ कल्ब एवं बोटैनिकल पार्क बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों पर 5470 कैमरे लगाए जाएगें। कैमरों की निगरानी एवं विशलेषण के लिए डायल 112 पुलिस भवन में कमाण्ड नियत्रंण केन्द्र स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला नगर परिषद के साथ कालका एवं पिंजौर में सीसीटीवी कैमरे आदि लगाने के लिए 6 लाईन की स्पेशल आप्टिकल वायर लगाई जाए, ताकि वह भविष्य में अन्य कार्यों के लिए उपयोग में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि कैमरों से वाहनों की चालानिंग ऑनलाईन की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि साढे 9 एकड़ में बनने वाली शूटिंग रेंज स्पोर्टस काम्पलेक्स पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसमें 10, 20 और 50 मीटर की विश्वस्तर की प्रतियोगिताओं की फाईनल शूटिंग की जा सकेगी। रेंज का कार्य पूरा होने के बाद इसमें होस्टल का भी निर्माण करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन पार्क से सिंह नाला चौ को पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर 20/21 एवं बेल फैक्ट्री परशुराम चौक तक स्टोर्म वाटर ड्रेन को मजबूत किया जा रहा है। शहर के सभी चौराहों के सौन्दर्यकरण पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सर्विस रोड़ के साथ घास की कटाई कर सफाई करने के निदेश दिए। पंचकूला में दो एसटीपी 6-6 एमएलडी तथा एक 10 एमएलडी क्षमता सहित तीन एसटीपी बनाए जा रहे हैं। लेजरवैली पार्क का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। अटल पार्क का निर्माण कार्य नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा।
नागरिकों की 183 शिकायतें में से 162 समस्याओं का समाधान
पीएमडीए के सीईओ और सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अब तक नागरिकों की 183 शिकायतें आई, जिनमें से 162 समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। सर्विस रोड़ दुरूस्त करने के लिए एस्टीमेट बना दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के किनारे रंग पेंट कर सौन्दर्यकरण किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र फेज 1, 11 में सड़कों की मरम्मत का कार्य 16.80 करोड रुपए की लागत से किया जा रहा है।
बैठक में आयुक्त एवं सचिव यूएलबी श्री अशोक मीणा, एचएसवीपी के प्रशासक एवं मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव श्री अजय कुमार, ओएसडी श्री पंकज नैन, उपायुक्त पंचकूला श्री सतपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पीएमडीए के अधिकारी मौजूद रहे।