पेंशन रुकने पर घबराने की नहीं जरूरत ! जाने समस्याएं और उनका सही समाधान

 | 
पेंशन रुकने पर घबराने की नहीं जरूरत ! जाने समस्याएं और उनका सही समाधान 

Udaipur Times, Pension Guide : रिटायरमेंट के बाद पेंशन सिर्फ हर महीने मिलने वाली राशि नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक सुरक्षा होती है। लेकिन पेंशन रुक जाए, जीवन प्रमाण-पत्र जमा न हो पाए, फैमिली पेंशन शुरू न हो, बैंक बार-बार दौड़ाए या राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) को लेकर भ्रम हो जाए, तो अधिकांश पेंशनर्स समझ नहीं पाते कि किस कार्यालय या सरकारी व्यवस्था में जाएं। यहां जानिए पेंशन से जुड़ी 5 सबसे बड़ी परेशानियां और उनका कैसे समाधान मिलेगा।

1. सबसे पहले जानिए किस समस्या के लिए कहां जाएं

गलत कार्यालय पहुंचना पेंशनधारकों की सबसे आम गलती होती है। सही जगह जाने से समय और परेशानी दोनों से बचते हैं।

पेंशन रुकी: बैंक और CPENGRAMS में जाएं।

जीवन प्रमाण पत्र: सीएससी/बैंक या डाकघर।

एनपीएस: पेंशन निधि विनियामक विकास प्राधिकरण।

ईपीएस-95: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन।

रक्षा पेंशन: स्पर्श (SPARSH) में संपर्क करें।

बैंक की शिकायत: पहले बैंक फिर आरबीआई की एकीकृत लोकपाल व्यवस्था में जा सकते हैं।

2. पेंशन रुकी, देर से आई या गलत कटौती हुई तो...

यदि आपकी मासिक पेंशन रुक गई है, देर से आ रही है या बैंक ने गलत कटौती कर दी है, तो सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा या पेंशन वितरण कार्यालय में लिखित शिकायत करें। अधिकांश मामलों का समाधान यहीं हो जाता है।

 क्या करें: समाधान नहीं मिलने पर केंद्रीकृत पेंशन शिकायत निवारण व निगरानी प्रणाली (CPENGRAMS) में ऑनलाइन शिकायत करें। यहां पर अपना पीपीओ नंबर, बैंक विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

3. जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कहां जाएं

अधिक उम्र, बीमारी या चलने-फिरने में परेशानी होने पर अब बैंक जाने की जरूरत नहीं है। सरकार ने डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। आप अपने घर पर बैठकर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

 क्या करें: मोबाइल पर जीवन प्रमाण एप और फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से यह सर्टिफिकेट ऑनलाइन तैयार कर जमा किया जा सकता है। यदि स्मार्टफोन चलाना कठिन लगता है तो सीएससी या बैंक मित्र की मदद ले सकते हैं।

4. फैमिली पेंशन शुरू नहीं हो रही या बैंक बदलना है...

मृत्यु, विवाह प्रमाण-पत्र, आश्रित का आधार, पैन नंबर व बैंक खाता विवरण, मृतक का पीपीओ नंबर, नामांकन फॉर्म आदि दस्तावेज तैयार रखें। फिर संबंधित विभाग या बैंक में आवेदन दें। देरी होने पर निर्धारित शिकायत व्यवस्था का उपयोग करें।

 क्या करें: दोनों तरह के मामले में पीपीओ नंबर व आधार सबसे महत्वपूर्ण हैं। देरी होने पर Elder 14567 या संबंधित विभाग या बैंक की हेल्पलाईन पर कॉल करें। पीपीओ नंबर सहित अन्य जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कराएं।

5. NPS, UPS या APY समझ में नहीं आ रही...

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली, एकीकृत पेंशन योजना या अटल पेंशन योजना (एपीवाई) से जुड़े मामलों में पेंशन निधि विनियामक विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के एआई चैटबॉट PFRDA पेंशन सहायक से सवाल पूछ सकते हैं।

क्या करें: 

PFRDA हेल्पलाइन 1800110708 पर सोमवार से शुक्रवार सुबह 9.30 से शाम 5.30 बजे के बीच बात कर सकते हैं। ईमेल: complaints@pfrda.org.in या वेबसाइट: www. pfrda.org.in पर परेशानी बताएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News