औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो – एडीएम अत्री
अतिरिक्त जिला कलक्टर मनवीरसिंह अत्री ने कहा कि सभी विभाग औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर मनवीरसिंह अत्री ने कहा कि सभी विभाग औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।
वे मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय औद्येौगिक समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने मादडी व अन्य क्षेत्रों में नाली निर्माण व सडक सुदृढीकरण कार्य वर्षा पूर्व कराने के निर्देश रीको को दिए। उन्होंने रीको क्षेत्र में पर्याप्त पेयजलापूर्ति के निर्देश दिए।
उन्होंने अम्बेरी में रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए पर्यावरण क्लियरेंस बाबत कहा कि यदि कन्सल्टेंट यथा समय कार्य नहीं करता है तो 15 दिवस का नोटिस जारी कर दूसरा नियुक्त कर दिया जाए।
बैठक में बताया गया कि गौरव पथ से सटे सर्विस रोड की मरम्मत व विद्युत खम्भे शिफ्ट करने के पेटे 172 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी गई है।
बैठक में मार्बल स्लरी के निस्तारण हेतु डंपिंग यार्ड की स्वीकृति हेतु किशनगढ की तर्ज पर भूमि आरक्षण पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में गुडली औद्योगिक क्षेत्र की त्वरित मरम्मतगी के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए।
प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने बताया कि रसायन एवं एसिड नाली में बहाकर प्रदूषण फैलाने वाली 12 इकाइयों को नोटिस जारी कर उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। ऐसी इकाइयों के पानी-बिजली के कनेक्शन काटे जाएंगे। बैठक में 6 से अधिक प्रकरणों में संतोषप्रद कार्रवाई पाए जाने पर निस्तारण कर दिया गया।
बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक विपुल जानी, नगर विकास प्रन्यास, निर्माण, रीको सहित सम्बद्घ विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्यों ने भी विचार रखे।