दिल्ली समेत इन राज्यों में होगी भीषण बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
Udaipur Times, Weather Update : देश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिसके चलते दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जानकारी दी है की 6 और 8 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 5-7 अगस्त को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और 7 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-NCR में बारिश का दौर लगातार जारी है। बुधवार को दिल्ली में करीब 2 घंटे तक तेज बारिश हुई, गुरुवार को भी बारिश का ये दौर जारी है। दिल्ली-नोएडा समेत पूरे NCR में सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 5 से 8 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, कोंकण और गोवा के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज और येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी बारिश लगातार हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। यूपी के 5 जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5-6 अगस्त को पूर्वी यूपी में कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में बुधवार से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर हैं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
