राजस्थान में अब नहीं होगी बिजली-पानी की समस्या ! कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
Udaipur Times, Rajasthan News, जयपुर : राजस्थान वासियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व पाली विधायक जोराराम कुमावत ने शनिवार को पाली के सुमेरपुर में नगरपालिका सभाकक्ष में विभिन्न प्रशासनिक विभागों के आला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र की बिजली और पेयजल समस्याओं पर चर्चा की गई, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को सुधार करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती को लेकर उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को आवश्यक उन्होंने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ढीले तार कसने, पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाने तथा आरडीएसएस स्कीम के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।
कुमावत ने कहा कि पिछले दिनों आए तूफान के कारण बड़ी संख्या में बिजली के खंभे टूट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। जल्द ही शेष कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके साथ ही, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए हर क्षेत्र में समुचित और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
आपातकालीन टीमें गठित करने के निर्देश
आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर मंत्री कुमावत ने संभावित जलभराव और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विशेष टीमों का गठन करें, जो मानसून के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थिति या आपदा से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क रहें।
स्ट्रीट वेंडर्स को बांटे चेक, हुआ 'ग्रीन वेलकम'
बैठक के दौरान सामाजिक कल्याण की योजनाओं की प्रगति भी जांची गई। मंत्री कुमावत ने 'पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि' (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत 10 स्थानीय रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और लाभार्थियों को ऋण सहायता के चेक वितरित किए, ताकि वे अपने व्यवसाय को मजबूत कर सकें। इससे पूर्व, नगरपालिका सभाकक्ष पहुंचने पर अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा मंत्री जोराराम कुमावत का पौधा भेंट कर 'ग्रीन वेलकम' (पर्यावरण अनुकूल स्वागत) किया गया।
बैठक में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, एसडीएम कालूराम कुम्हार सहित विद्युत विभाग, जलदाय विभाग और नगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
