अब नहीं रहेगी खाद की कमी ! 54000 करोड़ रुपये की लागत से सरकार यहां लगाएगी 6 नए यूरिया प्लांट
Udaipur Times, New Delhi : यूपी-राजस्थान, पंजाब समेत कई राज्यों के किसानों के लिए बड़ी खशखबरी आई है। सरकार ने राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 के अंतर्गत लगभग 54 हजार करोड़ रुपये के निवेश से छह नए यूरिया संयंत्रों की स्थापना को मंजूरी दी है। ये सभी संयंत्र मौजूदा औद्योगिक परिसरों में स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र को मजबूत करना, उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और यूरिया उत्पादन में देश को आत्मनिर्भर बनाना है।
रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, ये छह संयंत्र तमिलनाडु में मद्रास फर्टिलाइजर्स लिमिटेड- एमएफएल, पंजाब में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड- एनएफएल के नंगल संयंत्र, उत्तर प्रदेश में कृभको का शाहजहांपुर संयंत्र, पश्चिम बंगाल में पानागढ़ संयंत्र, राजस्थान में चंबल फर्टिलाइजर्स का गड़ेपन संयंत्र और उत्तर प्रदेश में जगदीशपुर संयंत्र हैं।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) की ब्राउनफील्ड परियोजना एमएफएल-मद्रास की वार्षिक स्थापित उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन है और यह 60 वर्ष से अधिक पुराने मौजूदा संयंत्र का स्थान लेगी। एनएफएल नांगल भी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की ब्राउनफील्ड परियोजना है और यह लगभग 50 से 55 वर्ष पुराने संयंत्र का स्थान लेगी, इसकी वार्षिक स्थापित उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन है।
कृभको की शाहजहांपुर परियोजना के अंतर्गत वर्ष 1995 में शुरू की गई इकाई का विस्तार किया जाएगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता भी 12 लाख 70 हजार मीट्रिक टन होगी। मैटिक्स-पानागढ़ एक निजी क्षेत्र की परियोजना है, जिसके तहत वर्ष 2017 में शुरू किए गए मौजूदा आधुनिक संयंत्र परिसर में प्रतिवर्ष 12 लाख 70 हजार मीट्रिक टन यूरिया उत्पादन क्षमता वाली नई इकाई स्थापित की जा रही है।
राजस्थान के गड़ेपन में चंबल फर्टिलाइजर्स के वर्ष 1994 से संचालित परिसर का विस्तार किया जाएगा। इसकी भी वार्षिक उत्पादन क्षमता 12 लाख 70 हजार मीट्रिक टन होगी। वहीं, उत्तर प्रदेश के जगदीशपुर में वर्ष 1988 में स्थापित संयंत्र की उत्पादन क्षमता में प्रतिवर्ष 12 लाख 70 हजार मीट्रिक टन की वृद्धि की जाएगी।
मंत्रालय ने बताया कि प्रत्येक परियोजना पर लगभग नौ हजार करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत आने का अनुमान है। इन परियोजनाओं से यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।