Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार हैं। हरियाणा में एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में शनिवार को कई स्थानों पर आंशिक बादलों की आवाजाही रही। मौसम विभाग के अनुसार इस मौसम प्रणाली का असर 16 नवंबर तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक, 15 नवंबर के दौरान प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। विभाग ने रात और सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध छाने की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर राजस्थान से सटे हरियाणा के जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में देखने को मिल सकता है। पंजाब से सटे हरियाणा के हिस्सों में भी इसका प्रभाव रहेगा। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर की रात तक यह मौसम प्रणाली हरियाणा-एनसीआर दिल्ली से आगे निकल जाएगी। इसके बाद हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी होने की संभावना है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।