दिल्ली-यूपी और हरियाणा के बीच होगी सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, 1123 करोड़ के नए कॉरिडोर को सरकार की मंजूरी
Udaipur Times, New Cooridor : देश में कनेक्टिविटी को बढाने के लिए नये- नये प्रयास किये जा रहें हैं। नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 1,123 करोड़ रुपये और पश्चिमी दिल्ली में 359 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिले के साथ हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल में तीन ओवर ब्रिज, चार फ्लाईओवर और चार अंडरपास बनाए जाएंगे। इससे दिल्ली से आगरा का सफर डेढ़ घंटे से भी कम वक्त में तय हो पाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। गडकरी ने दिल्ली के लिए भी 360 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी।
जानकारी के मुताबिक, गडकरी ने बताया कि दिल्ली-आगरा रूट में नेशनल हाईवे 44 और नेशनल हाईवे 19 को अपग्रेड किया जाएगा। इसके ट्रैफिक जाम वाले रोड जोन पर फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण होगा, ताकि ट्रैफिक एक जगह पर इकट्ठा न हो। इस प्रोजेक्ट से दिल्ली-आगरा हाईवे पर रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इसके अलावा गडकरी ने कहा कि रोड ओवर ब्रिज से रेलवे क्रॉसिंग पर गाड़ियों के ठहराव के साथ लगने वाला जाम खत्म होगा। जानकारी के मुताबिक, अभी के पुल और सड़क, चौराहों पर ट्रैफिक जाम, भीड़भाड़ कम करने के लिए भी एक्शन प्लान तैयार होगा। फ्लाईओवर और अंडरपास के लिए रेड जोन वाले ट्रैफिक प्वाइंट को चुना जाएगा। साथ ही सर्विस लेन बनाकर लोकल और शहर के बाहर के ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली-NCR और आगरा के बीच यात्रा के समय में काफी कमी आएगी।
नेशनल हाईवे 44 (NH-44) 4112 किलोमीटर का देश का सबसे लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग है, जो जम्मू-कश्मीर श्रीनगर से कन्याकुमारी (तमिलनाडु) तक जाता है। ये हाईवे 12 राज्यों से गुजरता है, लेकिन दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में इसका ट्रैफिक काफी धीमा हो जाता है। नेशनल हाईवे (NH-19) जीटी रोड का हिस्सा है। ये उत्तर प्रदेश के आगरा से पश्चिम बंगाल के कोलकाता के पास तक जाता है। 1369 किमी का हाईवे 4 राज्यों से गुजरता है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली को 360 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजना को मंजूरी भी दी गई है। इसमें इंडस्ट्री नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर का रोड प्रोजेक्ट होगा। पीरागढ़ी, नांगलोई चौक, मुंडका और घेवरा मोड़ से लेकर टीकरी बॉर्डर तक की कॉलोनियों, गांवों, बाजारों और औद्योगिक इलाकों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। नांगलोई, मुंडका और बहादुरगढ़ की आवाजाही आसान होगी। जिसके चलते दिल्ली-हरियाणा के बीच कारोबारी गतिविधि तेज हो पाएगी।