हरियाणा की इन 31 सड़कों को किया जाएगा चकाचक, खर्च होंगे 56.23 करोड़ रुपये

 | 
हरियाणा की इन 31 सड़कों को किया जाएगा चकाचक, खर्च होंगे 56.23 करोड़ रुपये

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा सरकार द्वारा झज्जर जिला के बादली विधानसभा क्षेत्र में सड़क तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए लोक निर्माण विभाग(भवन एवं सड़कें) के माध्यम से 31 सड़क विकास परियोजनाओं के लिए 56.23 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सड़क तंत्र की मजबूती विकास का आधार बन रही है, ऐसे में सरकार की ओर से जनसुविधा को देखते हुए सड़कों के सुधारीकरण पर फोकस किया है। 

उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से बादली विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। डीसी ने बताया कि सरकार द्वारा इन परियोजनाओं के तहत 78.676 किलोमीटर लंबाई की विभिन्न सड़कों का सुधार, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, पुनर्निर्माण, सतह उपचार, सीसी पेवमेंट तथा बिटुमिनस कार्य किए जाएंगे।

बादली क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से बादली विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित कर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है।

इन सड़क मार्गो को किया जाएगा मजूबत

डीसी वर्षा खांगवाल ने विभाग के माध्यम से मिली प्रशासनिक स्वीकृति के बारे में बताया कि दक्षिणी बादली बाईपास, बाढ़सा-रावता बॉर्डर मार्ग, बादली-पेलपा-सोंधी-याकूबपुर मार्ग,बादली-दुलीना मार्ग, पाटौदा-नूरगढ़ मार्ग, सिलानी आंतरिक सड़क, गांव रईया-कुंजिया मार्ग, ढाकला -बिठला मार्ग,गांव सुबाना-सरोला मार्ग, सिलानी जालिम से एसएच-22 मार्ग सहित अनेक महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का सुधार एवं पुनर्निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की मांग पर प्रदेश सरकार ने बादली विधानसभा क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने क्षेत्र की 32 सड़कों के सुधारीकरण, सुदृढ़ीकरण, पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 67 करोड़ 75 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। जून माह में मुनीमपुर में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के महज 15 दिन के भीतर ही धनराशि स्वीकृत होने पर धनखड़ ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा का आभार व्यक्त किया।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि "भाजपा सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है।" उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बादली विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

-- इन प्रमुख सड़कों को मिली मंजूरी --
दक्षिणी बादली बाईपास के सुधार कार्य (3.75 किमी) – 6.23 करोड़
बाढ़सा से रावता बॉर्डर रोड (1.55 किमी) – 1.01 करोड़
राजकीय हाई स्कूल पेलपा संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण (0.23 किमी) – 20.59 लाख
झज्जर–बादली रोड से सेखूपुर रोड (1.20 किमी) – 69.38 लाख
झज्जर–बादली रोड से खुंगाई रोड (2.15 किमी) – 1.43 करोड़
बादली–पेलपा–सोंधी–याकूबपुर रोड (8.45 किमी) – 3.46 करोड़
बादली–दुरीना मार्ग (लाडपुर–मुनीमपुर होते हुए) (9.586 किमी) – 4.40 करोड़
पेलपा–सोंधी रोड से निमाणा रोड – स्वीकृति शामिल
झज्जर–बादली रोड से बोरिया रोड (0.65 किमी) – ₹38.29 लाख
फैजाबाद संपर्क मार्ग (0.55 किमी) – 45.09 लाख
झज्जर–बादली रोड से सुराह (जहांगीरपुर होकर) (2.81 किमी) – 1.47 कड़ौदा  से सिवाड़ी (गुरुग्राम संपर्क मार्ग) (1.35 किमी) – 66.92 लाख
पटौदा–नूरगढ़ रोड (4.95 किमी) – 2.54 करोड़
पटौदा–करोला रोड (2.65 किमी) – 2.14 करोड़
सिलानी आंतरिक सड़क (1.55 किमी) – 2.52 करोड़
झज्जर रेवाड़ी रोड से सिलाना रोड का पुनर्निर्माण (0.80 किमी) – 82.48 लाख
रईया–कुंजिया रोड (2.50 किमी) – 1.95 करोड़
खुड्डन–छपार रोड (2.20 किमी) – ₹52.30 लाख
बादली–पहसौर (फैजाबाद) रोड (2.50 किमी) – 1.58 करोड़
देवरखाना संपर्क मार्ग (0.60 किमी) – 46 लाख
काकरोला संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण (0.21 किमी) – 34.66 लाख
आरजेआर रोड–सुबाना–गिजरोड–सलोधा–डावला–करोदा–गवालीसन खेड़ी–होशदारपुर मार्ग (13.08 किमी) का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण – 11.29 करोड़
इसके अलावा सूची में शामिल अन्य ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। इन सभी कार्यों पर लगभग  67 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

धनखड़ ने कहा कि यह केवल सड़कों का सुधारीकरण नहीं, बल्कि बादली विधानसभा के विकास को नई गति प्रदान होगी । बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, परिवहन सुगम बनेगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए हर वादे को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News