Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, भिवानी के माध्यम से अनुसूचित जाति के सदस्यों को बैंक टाई-अप, सूक्ष्म ऋण एवं सावधि ऋण योजना के तहत आय अर्जन एवं स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये तक के ऋण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुसूचित जाति का कोई भी व्यक्ति, जिसकी आयु 18 से 45 वर्ष तक है तथा बैंक टाई-अप योजना में अधिकतम आयु 55 वर्ष है और वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है, ऋण के लिए आवेदन कर सकता है।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, हरियाणा डोमिसाइल, बैंक कॉपी तथा पासपोर्ट साइज फोटो सहित हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, मकान नंबर 73-बी, डीसी कॉलोनी, भिवानी में संपर्क कर सकते हैं। दूरभाष नंबर 01664-253097 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आवेदक निगम की वेबसाइट एचएससीएफडीसी.ओरजी.इन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार सफाई कर्मचारियों के आश्रितों के लिए महिला समृद्धि योजना एवं सावधि ऋण योजना के तहत स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। 18 से 55 वर्ष की आयु के पात्र आश्रित आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।