हरियाणा में इन किसानों को मिलेंगे 1200 रुपये प्रति एकड़, जाने कैसे मिलेगा लाभ ?
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : पराली में आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने और फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और ग्रामीण स्तरीय कमेटियों को गांवों में जाकर किसानों को जागरूक करने तथा पराली प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने इस वर्ष जिले में पराली जलाने की घटनाओं को शून्य पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बैठक में बताया गया कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसान पराली प्रबंधन अपनाने पर 1200 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को खेत में ही फसल अवशेषों का प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए बेलर मशीनों की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि पराली का उचित प्रबंधन हो सके और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम ज्योति मित्तल ने स्पष्ट किया कि पराली प्रबंधन के बजाय खेतों में आगजनी करने वाले किसानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज करने, भारी जुर्माना लगाने और अगले दो साल तक फसल बेचने पर रोक जैसे प्रावधानों की जानकारी किसानों को दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हॉटस्पॉट गांवों में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीण स्तर पर विशेष कमेटियां गठित की गई हैं। इनमें पटवारी, ग्राम सचिव और कृषि विभाग के एक अधिकारी को शामिल किया गया है। ये कमेटियां गांवों में जाकर किसानों से संपर्क करेंगी और उन्हें फसल अवशेष प्रबंधन के तरीकों की जानकारी देंगी।
कमेटी के सदस्यों के पास जिले में उपलब्ध सभी बेलर मशीनों की सूची भी रहेगी, ताकि जरूरतमंद किसानों को समय पर मशीनों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
बैठक में अधिकारियों को सीआरएम ऐप डाउनलोड कर फील्ड वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए। इसके माध्यम से पराली प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। साथ ही, पराली प्रबंधन के लिए जिला स्तरीय मॉनिटरिंग टीम का गठन भी किया गया है। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांवों में नियमित निगरानी रखें, किसानों की समस्याओं का समाधान करें और जागरूकता अभियान में तेजी लाएं।
बैठक में तहसीलदार मुकेश कुमार, बीडीपीओ, नायब तहसीलदार राकेश कुमार, डॉ अरुण यादव तथा सभी ब्लॉक कृषि अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।