Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने दक्षिण हरियाणा के सड़क नेटवर्क को नई दिशा देने वाली होडल-बिलासपुर-पटौदी-कुलाना फोरलेन परियोजना को साकार करने के लिए कदम उठा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के पहले चरण में होडल से बिलासपुर तक करीब 71 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। अब इसके दूसरे चरण में बिलासपुर से कुलाना तक सड़क चौड़ीकरण के साथ पटौदी और हेलीमंडी में एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण को भी सरकार ने मंजूरी दे दी है।
सरकार के इस फैसले से न केवल दक्षिण हरियाणा की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि पटौदी शहर को भी रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, यह सड़क मार्ग क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क कॉरिडोर साबित हो सकता है। इसके माध्यम से दिल्ली-आगरा हाईवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे, गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग, रेवाड़ी-रोहतक हाईवे, गुरुग्राम-नूंह और गुरुग्राम-सोहना-तावडू-भिवाड़ी मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
इस सड़क के फोरलेन होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और परिवहन में लगने वाला समय भी कम हो सकेगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को गति मिलने की संभावना है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी मिलने के पीछे यातायात के भविष्य के दबाव को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि होडल से बिलासपुर तक सड़क फोरलेन बन जाती और आगे कुलाना तक मार्ग दो लेन का ही रहता तो वाहनों का दबाव संकरी सड़क पर बढ़ता।
पटौदी और हेलीमंडी में एलिवेटेड फ्लाईओवर का प्रस्ताव पहले भी सामने आया था। भाजपा के पिछले कार्यकाल में तत्कालीन विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने बिलासपुर-कुलाना सड़क चौड़ीकरण और दोनों शहरों में फ्लाईओवर निर्माण की मंजूरी दिलाने का प्रयास किया था।
हालांकि, फ्लाईओवर से कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पटौदी के दुकानदारों ने बाजार बंद कर विरोध किया था। उनकी मांग थी कि फ्लाईओवर के बजाय अंग्रेजी के अक्षर ओ की आकृति में बाईपास बनाया जाए।
इसके बाद योजना आगे नहीं बढ़ पाई। हाल ही में मौजूदा विधायक बिमला चौधरी ने भी मुख्यमंत्री के पटौदी दौरे के दौरान फ्लाईओवर के स्थान पर बाईपास की मांग रखने का आश्वासन दिया था। सरकार ने अब फ्लाईओवर और सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है।