हरियाणा में इन शिक्षकों को मिलेगा प्रमोशन, लापरवाही करने पर अफसरों पर होगी कार्रवाई

 | 
हरियाणा में इन शिक्षकों को मिलेगा प्रमोशन, लापरवाही करने पर अफसरों पर होगी कार्रवाई

Udaipur Times, Haryana News, हिसार : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है, राज्य के राजकीय स्कूलों में कार्यरत सीएंडवी (ड्रॉइंग) व TGT आर्ट शिक्षकों के करियर के बंद रास्ते अब खुलने वाले हैं। मौलिक शिक्षा निदेशालय ने वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार टेंटेटिव वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। इस सूची के आधार पर आने वाले दिनों में शिक्षकों को पदोन्नति और प्रशासनिक लाभ मिलेंगे। 

विभाग ने सीएंडवी ड्राइंग शिक्षकों की वरिष्ठता सूची 1 जून 2025 की स्थिति के अनुसार और TGT आर्ट शिक्षकों की सूची 1 जून 2026 की स्थिति के अनुसार तैयार की है। इसके लिए राज्य के सभी DEEO को 10 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। यदि किसी शिक्षक की वरिष्ठता, नाम या सेवा रिकॉर्ड में त्रुटि है तो वह 10 दिन के भीतर संबंधित दस्तावेज के साथ अपना दावा पेश कर सकता है। 

अधिकारियों को हिदायत दी कि इस प्रक्रिया में कोई योग्य शिक्षक छूटना नहीं चाहिए, वरना सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है।

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की वरिष्ठता तय करने की प्रक्रिया में अब सिर्फ शिक्षकों के दावों की ही नहीं, बल्कि विभागीय रिकॉर्ड की शुद्धता और अधिकारियों की जवाबदेही की जांच होगी। सूची में किसी शिक्षक का नाम छूटने, वरिष्ठता संबंधी विवरण में गलती होने या किसी अन्य विसंगति का मामला सामने आता है तो उसे दस्तावेज के साथ निदेशालय भेजना होगा। 

अधिकारियों को यह प्रमाणित करना होगा कि किसी शिक्षक का मामला लंबित नहीं है और कोई पात्र शिक्षक सूची में शामिल होने से छूटा नहीं है, वहीं जो शिक्षक हाल ही में तबादले के कारण दूसरे जिलों में स्थानांतरित हुए हैं, उनके वरिष्ठता आंकड़े सुरक्षित रखने के लिए दोनों संबंधित जिलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाना होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News