हरियाणा में इन वाहनों के किए जाएंगे चालान, DC ने अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश

 | 
हरियाणा में इन वाहनों के किए जाएंगे चालान, DC ने अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम एवं सचिव आएटीए महेश कुमार ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। डीसी ने समीक्षा करते हुए एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हादसों पर अंकुश लगाने के तरीके तलाशें ताकि सडक़ हादसों में लोगों की जान न जाए। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित जगहों पर ओवर स्पीड के अधिक से अधिक चालान किए जाएं।

डीसी श्री गुप्ता ने अधिकारियों को सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रति आमजन को लगातार जागरूक करने तथा वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत विभाग, वन विभाग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि अक्सर गांवों से मुख्य सडक़ पर मिलने वाले टी प्वाइंट पर हादसे अधिक होते हैं, ऐसे में संपर्क मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ-साथ उस क्षेत्रों में पड़ों की टहनियों की छंटाई की जाए ताकि वाहन जाते-जाते दिखाई दे जाएं। उन्होंने सडक़ निर्माण से संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सडक़ों को दुरूस्त करने का काम करें ताकि हादसे न हों।

वहीं दूसरी ओर बैठक में मौजूद एनएचएआई के मैनेजर मीनू ने डीसी को जानकारी देते हुए बताया कि भिवानी से लोहारू तक बाईपास बनने हैं, जिनमें लोहानी, जुई खुर्द, कस्बा लोहारू में और भिवानी में तिगड़ाना मोड़ से देवसर मोड़ तक बाईपास शामिल है। उन्होंने बताया कि ढिगावा में रोड को फोरलेन करने का कार्य शामिल है। इस पर डीसी ने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग के साथ तालमेल स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि निकट भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न बने।

बैठक में आरटीए सचिव ने डीसी को जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त माह में ओवर स्पीडिंग के 685 चालान किए गए, हेलमेट का प्रयोग न करने पर 3510 चालान किए गए, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने पर 18 चालान किए, शराब पीकर वाहन चलाने के 129 तथा नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का एक मामला भी दर्ज किया गया।

उन्होंने एक जनवरी 2026 से 31 अगस्त तक सडक़ दुर्घटनाओं में कुल 94 लोगों की मृत्यु हुई। इनमें मोटरसाइकिल/स्कूटी सवार 58, पैदल चलने वाले 17, कार सवार आठ, ट्रैक्टर सवार तीन, बस में दो व टेंपो/ई-रिक्शा सवार दो, पिकअप/बोलेरो सवार दो तथा एक साइकिल सवार एवं एक अन्य व्यक्ति की मौतें हुई।

वहीं दूसरी ओर डीसी ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को निर्देश देते हुए बच्चों की जान से बढक़र कुछ नहीं होता। ऐसे में सभी स्कूलों के वाहनों की जांच की जाए। जांच रिपोर्ट अतिशीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों में नियमों की अनदेखी सहन नहीं होगी।

इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी अनूप, डीआरओ राजकुमार भौरिया, डीईओ निर्मल दहिया सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News