हरियाणा के इन गांवों को नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात, ढाई लाख लोगों को मिलेगा बड़ा लाभ

 | 
हरियाणा के इन गांवों को नए स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात, ढाई लाख लोगों को मिलेगा बड़ा लाभ

Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज गुरुग्राम में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिधरावली में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और राठीवास में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने के कार्य का भी शुभारंभ किया। इन स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और आसपास के गांवों के लोगों को अपने घर के नजदीक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव के गुरुग्राम आगमन पर गांव दौलताबाद, सिधरावली, तथा राठीवास सहित आसपास के गांवों की सरदारी ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत कर नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत यादव भी मौजूद रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता : आरती सिंह राव

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों को स्थानीय जरूरतों और आबादी के अनुरूप अपग्रेड करने, आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाना है, ताकि सामान्य उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। 

सिधरावली, दौलताबाद और राठीवास के स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों पर बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में अंग दान की शपथ लेने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।

स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास केवल सड़क, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि वहां के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर होने से लोगों का समय और खर्च बचेगा तथा जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सा सहायता प्राप्त करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को जनकल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य मानते हुए आगे बढ़ रही है। गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से आमजन को मिल रहा लाभ : बिमला चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से गुरुग्राम और पटौदी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य गरीब, ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए दूर न जाना पड़े।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से दक्षिण हरियाणा को मिलेगी नई पहचान : मुकेश शर्मा

विधायक मुकेश शर्मा ने शीतला माता मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने, क्षेत्र में 30 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को मंजूरी दिलाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और महंगे इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

सिधरावली पीएचसी से 42 हजार से अधिक आबादी को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार द्वारा फरवरी 2026 के बजट भाषण में घोषित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिधरावली की स्थापना की गई है। इस स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के लिए महंत महामंडलेश्वर रमेश्वर दास महाराज ने लगभग 2.7 एकड़ भूमि पर स्थित 26 कमरों का भवन स्वास्थ्य विभाग को जनसेवा के लिए दान किया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस जनहितकारी योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। सिधरावली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। यहां मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन उपलब्ध हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र से 42 हजार से अधिक की आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर मातृ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यहां लेबर रूम तैयार किया जा रहा है। इसके शुरू होने से प्रसव संबंधी सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी और महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

राठीवास उप-स्वास्थ्य केंद्र से 8 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

गांव राठीवास में हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत नए उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है। लगभग आधा एकड़ भूमि पर जिला परिषद निर्माण एजेंसी द्वारा 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार यह भवन ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस उप-स्वास्थ्य केंद्र से 8 हजार से अधिक की आबादी को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। 

यहां दो एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। नए भवन के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और ग्रामीणों को अपने घर के नजदीक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

दौलताबाद पीएचसी के अपग्रेडेशन से व्यापक होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

दौलताबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने की पहल से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को और व्यापक बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। सीएचसी के रूप में विकसित होने पर स्वीकृत सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अधिक व्यापक उपचार, बेहतर जांच, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तथा विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इससे दौलताबाद और आसपास के गांवों के करीब 2 लाख नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही, मरीजों को आवश्यकता के अनुसार समय पर उचित उपचार और उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र बसवाना, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ अनुज गर्ग, डॉ नीलिमा तथा डॉ रश्मि बत्रा, जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी, डॉ मोनिका, गुरुग्राम के भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम के पूर्व मेयर विमल यादव, डिप्टी मेयर अनूप भांभू, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य प्रोफेसर हंसराज, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र सिंह हब्लू नंबरदार, निगम पार्षद दिलीप साहनी, सुंदर भड़ाना

पटौदी मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनोज मोकलवास, वीरेंद्र सरपंच दौलताबाद सहित विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

जरूरतमंद को बेहतर इलाज मिले, इसलिए सिविल लाइन में ही बनेगा आधुनिक सिविल अस्पताल : आरती सिंह राव

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गुरुग्राम में 600 बिस्तरों वाले आधुनिक सिविल अस्पताल के निर्माण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में निजी क्षेत्र के बड़े अस्पताल उपलब्ध हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए सरकारी सिविल अस्पताल ही उपचार का सबसे बड़ा सहारा है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की भी प्राथमिकता रही है कि अस्पताल का निर्माण सिविल लाइन में ही हो, ताकि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल के डिजाइन को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों के साथ बैठक की गई और कोविड जैसी संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए अलग वार्ड सहित आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर नए सिरे से ड्राइंग तैयार करवाई गई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से भी चर्चा की गई और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के स्थान पर हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के माध्यम से निर्माण करवाने का विकल्प रखा गया, क्योंकि पीडब्ल्यूडी के पास पहले से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अस्पताल का निर्माण बेहतर गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं के साथ जल्द पूरा हो, ताकि गुरुग्राम के लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News