Udaipur Times, Haryana News : प्रदेश सरकार 100 नए ड्रोन खरीदेगी। ये ड्रोन अत्याधुनिक और एआई लैस होंगे। अभी दृश्या के पास 50 ड्रोन का बेड़ा है, यह बढ़कर तीन गुना हो जाएगा। यानी कुल संख्या 150 हो जाएगी। युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण के साथ स्टाइफंड के रूप में 20 हजार रुपए भी मिलेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार अभी ड्रोन का प्रयोग मानचित्रण, एचटी विद्युत लाइनों के निरीक्षण, कृषि छिड़काव, निगरानी, थर्मल इमेजिंग, नाइट विजन, आरपीटीओ प्रशिक्षण आदि में होता है। फिलहाल, दृश्या का ऑफिस करनाल में है। जल्द ही सभी जिलों में कार्यालय स्थापित करने का लक्ष्य है। दृश्या ने दिसंबर 2021 में 9 पायलट और 10 को-पायलट की प्रारंभिक टीम के साथ कार्य शुरू किया था।
प्रारंभिक संचालन को सहयोग प्रदान करने के लिए भारतीय सर्वेक्षण विभाग से सीमित संख्या में ट्रिनिटी एफ-90 + फिक्स्ड-विंग मानवरहित हवाई वाहन खरीदे गए। इसके अतिरिक्त, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के लिए उच्च वोल्टेज विद्युत लाइनों का निरीक्षण किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 700 किलोमीटर से अधिक है।
जानकारी के मुताबिक दृश्या के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फूल कुमार के अनुसार दृश्या विभिन्न सरकारी विभागों के उम्मीदवारों को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। अब तक 800 से अधिक युवाओं से प्रशिक्षण दिया जा चुका है। संस्था का ड्रोन दीदी योजना के तहत 5,000 को प्रशिक्षित करना है। हरियाणा के खनन एवं भूविज्ञान विभाग के लिए राज्य की खदानों का वॉल्यूमेट्रिक आकलन किया जा रहा है।