हरियाणा के इस शहर को मिलेगा जाम से छुटकारा, करोड़ो की लागत से बनेगा एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर आई है। हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी शहर को जाम मुक्त करने का फैसला लिया है। सरकार ने शहर में लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के लिए बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है।
CM सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीन व्यस्त रेलवे लेवल क्रॉसिंग की जगह एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज बनाने का फैसला लिया है। इस परियोजना की लागत करीब 207.29 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिजेज डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एचएसआरडीसी) करेगा।
जानकारी के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद रेलवे फाटक बंद होने से होने वाली देरी खत्म होगी और शहर में यातायात पहले से अधिक सुगम व सुरक्षित हो जाएगा। इससे आम लोगों, छात्रों, व्यापारियों के साथ-साथ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी बड़ी राहत मिलेगी और जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
इस योजना के तहत दो लेन और चार लेन के रेलवे ओवरब्रिज, रोड अंडरब्रिज (आरयूबी), सर्विस रोड और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित होगी। सरकार का कहना है कि इस परियोजना से रेवाड़ी में यात्रा का समय घटेगा, वाहनों की संचालन लागत कम होगी और औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
