4400 करोड़ में तैयार होगा ये नया एक्सप्रेसवे, दिल्ली-NCR से जेवर एयरपोर्ट तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
Udaipur Times, Delhi to Jewar Airport : दिल्ली-एनसीआर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसी कड़ी में बीते महीने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-एनसीआर में बन रहे DND-फरीदाबाद-सोहना हाईवे और जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी परियोजना का निरीक्षण किया था।
उन्होंने कहा था कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
4,463 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा हाई-स्पीड कॉरिडोर
करीब 59 किलोमीटर लंबा यह छह लेन एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 4,463 करोड़ रुपये है। यह कॉरिडोर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे यात्रा समय में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
यह हाईवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क स्थापित करेगा। इससे एनसीआर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। परियोजना में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें 140 मीटर लंबा नेटवर्क आर्क ब्रिज, प्रीकास्ट सेग्मेंटल निर्माण तकनीक, ई-450 हाई-स्ट्रेंथ स्टील, साउंड बैरियर और पर्यावरण अनुकूल निर्माण पद्धतियां शामिल हैं।
जेवर एयरपोर्ट के लिए 31.425 किमी का नया एक्सप्रेसवे
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और सीधी कनेक्टिविटी के लिए 31.425 किलोमीटर लंबे नए एक्सप्रेसवे का निर्माण भी किया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 2,360 करोड़ रुपये है। यह एक्सप्रेसवे हरियाणा के चंदावली गांव से उत्तर प्रदेश के दयानापुर तक बनाया जाएगा।
दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम को होगा फायदा
परियोजना पूरी होने के बाद दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा। वहीं, उत्तर भारत से आने वाला ट्रैफिक ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए आसानी से एयरपोर्ट तक पहुंच सकेगा। इससे दिल्ली की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में कम समय लगेगा।
