4500 करोड़ में जल्द तैयार होगा ये नया मेगा एक्सप्रेसवे, 120 KM की रफ्तार से मात्र 45 मिनट में सफर होगा पूरा
Udaipur Times, Ahmedabad-Dholera Expressway : गुजरात में बहुत जल्द ऐसा एक्सप्रेसवे तैयार होने वाला है, जो लोगों के सफर को छोटा करने के साथ-साथ पूरी अर्थव्यवस्था को बदल देगा। अहमदाबाद- धोलेरा एक्सप्रेसवे (Ahmedabad-Dholera Expressway) धोलेरा स्मार्ट सिटी और भावनगर को आपस में जोड़ेगा। इस एक्सप्रेसव की कुल लंबाई 109 किलोमीटर होगी। भारतमाला परियोजना के तहत बनाए जाने वाले इस एक्सप्रेसवे की कुल लागत 4,500 करोड़ रुपये है। आने वाले वक्त में यह एक्सप्रेसवे उद्योग, कारोबार, रियल एस्टेट और रोजगार का नया केंद्र बन सकता है.। वर्तमान में अहमदाबाद से धोलेरा पहुंचने में काफी समय लगता है, लेकिन इस एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद यही सफर करीब 45 मिनट में पूरा हो सकेगा। यही कारण है कि इसे गुजरात के सबसे अहम इंफ्रास्ट्रक्चर माना जा रहा है।
यात्रियों के समय की होगी बचत
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि इससे यात्रियों के समय की बचत होगी। अभी जिस सफर को पूरा करने में 2 से 2.5 घंटे लग जाते हैं वो अब मात्र 45 मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे डेली आने जाने वाले लोगों, कारोबारियों और उद्योगों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। इसके साथ ही तेज कनेक्टिविटी मिलने से कंपनियों के लिए सामान की ढुलाई भी आसान होगी। इससे नए उद्योग आने की संभावना बढ़ेगी और आसपास के इलाकों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
रियेल एस्टेट को मिलेगा बूस्ट
गौरतलब है कि गुजरात के धोलेरा शहर को देश की पहली ग्रीनफील्ड स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर सेमीकंडक्टर, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और बड़े औद्योगिक निवेश से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। ऐसी स्थिति में तेज सड़क संपर्क इस पूरे क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही कारण है कि एक्सप्रेसवे के आसपास मौजूद गांवों और धोलेरा क्षेत्र में रियल एस्टेट की लगातार मांग में तेजी देखने को मिल रही है।
बेहतर सड़क बनने के साथ ही एक्सप्रेसवे के आसपास के गांवों और धोलेरा क्षेत्र में जमीन की मांग तेजी से बढ़ रही है। निवेशकों और डेवलपर्स की दिलचस्पी बढ़ने से कई जगह जमीन के दाम पहले ही बढ़ने लगे हैं।
इमरजेंसी मेडिकल सुविधा, वाहन विश्राम क्षेत्र और फास्टैग आधारित टोल जैसी सुविधाएं
अहमदाबाद- धोलेरा एक्सप्रेसवे (Ahmedabad-Dholera Expressway) पर कारों के लिए 120 किलोमीटर प्रति घंटे और भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार तय की गई है। यात्रा के दौरान रास्ते में 46 अंडरपास, 10 फ्लाईओवर, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा, वाहन विश्राम क्षेत्र और फास्टैग आधारित टोल जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। इन सुविधाओं से यात्रा न केवल तेज होगी बल्कि पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक भी बनेगी। यह एक्सप्रेसवे गुजरात के भविष्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास की मजबूत नींव माना जा रहा है।
