हरियाणा में 10 करोड़ की लागत से बनेगी ये नई सड़क, कई गांवों को मिलेगा फायदा

 | 
हरियाणा में 10 करोड़ की लागत से बनेगी ये नई सड़क, कई गांवों को मिलेगा फायदा  

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का नेटवर्क मजबूत कर गांवों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में करनाल जिले में पिचोलिया हेड से जानी गांव तक पश्चिमी यमुना नहर के बाएं किनारे पर 10 करोड़ 38 लाख 52 हजार रुपये की लागत से नई सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण से आसपास के गांवों का सड़क संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

 श्री गंगवा ने बताया कि प्रस्तावित सड़क 1.20 किलोमीटर लंबी और 5.50 मीटर चौड़ी होगी। सड़क निर्माण से पिचोलिया, जानी और बुधनपुर गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस सड़क के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्राप्त हो चुका है।

 उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी हैं। सड़कों का विस्तार होने से गांवों के बीच आवागमन आसान होता है और ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलती है। प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News