हरियाणा में 27 करोड़ की लागत से जल्द तैयार होगी ये सड़क, कृषि मंत्री का बड़ा ऐलान
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं रादौर विधायक श्याम सिंह राणा ने सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड के यमुनानगर-रादौर खंड के निर्माण एवं सुधार कार्य का शुभारंभ किया। करीब 27 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा 12 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत सड़क के विभिन्न हिस्सों में री-कारपेटिंग, सड़क सतह का सुधार तथा आवश्यक सड़क ढांचे को बेहतर बनाने के कार्य किए जाएंगे। यमुनानगर क्षेत्र में अलीपुरा गांव से जोड़िया नाका तक सड़क की री-कारपेटिंग तथा दामला गांव में री-कारपेटिंग के साथ डिवाइडर का निर्माण भी परियोजना में शामिल है।
कृषि मंत्री ने कहा कि यमुनानगर-रादौर मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर लंबे समय से यातायात का दबाव बढ़ा है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क के पुनर्निर्माण और सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। क्षेत्र के लोगों की ओर से भी सड़क की स्थिति में सुधार की मांग लगातार उठाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रादौर और यमुनानगर को जोड़ने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की राज्य सीमा से भी संपर्क स्थापित करता है। ऐसे में स्थानीय आवागमन के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी की दृष्टि से भी इसका महत्व है। सड़क के सुधरने से आसपास के गांवों के लोगों, किसानों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वालों को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था और स्थानीय लोगों की आवाजाही का विशेष ध्यान रखने को कहा।
कृषि मंत्री ने बताया कि रादौर विधानसभा क्षेत्र में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हाल के दिनों में कई परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है। इससे पहले सरस्वती नगर से रादौर और ऊंचा चांदना-रादौर मार्ग पर करीब 17.5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का कार्य भी पीडब्ल्यूडी द्वारा शुरू किया गया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 8.14 करोड़ रुपये है। स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से इस सड़क की खस्ता हालत में सुधार की मांग की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि रादौर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें किसानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। सड़क सुधार परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी तथा अलीपुरा, दामला और आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्य के शुभारंभ के दौरान किसान यूनियन के नेता सुभाष गुर्जर सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों और किसानों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र की अन्य सड़कों के सुधार से संबंधित मांगें भी उनके समक्ष रखीं।