हरियाणा में 219.94 लाख रुपये से यहां बनेंगे तीन नए पुल, जाम से मिलेगी राहत

 | 
हरियाणा में 219.94 लाख रुपये से यहां बनेंगे तीन नए पुल, जाम से मिलेगी राहत 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा सरकार ने हिसार क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा सातरोड़ कलां साउथ बाईपास से लाडवा - सातरोड़ खुर्द (गंगवा रोड) तक के लिंक रोड पर देवा डिस्ट्रीब्यूट्री के साथ-साथ 3 नए पुलों के निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।  

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना पर कुल दो करोड़ उन्नीस लाख चौरानवे हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह कार्य हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के निक्षेप कार्य  के रूप में निष्पादित किया जाएगा।  

उन्होंने बताया कि  जिन स्थानों पर पुलों का निर्माण होगा उनमें ए-ड्रेन के आरडी 1950, सातरोड़ मिरका ड्रेन के आरडी 29800 तथा देवा डिस्ट्रीब्यूट्री के साथ पुराने सिवानी फीडर के आरडी 4250 शामिल हैं। इस परियोजना के संबंध में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा मुख्य अभियंता को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है।   इस कार्य में होने वाला समस्त व्यय निर्धारित सरकारी नियमों, विनियमों, और औपचारिकताओं के तहत  किया जाएगा।  

इस परियोजना के पूर्ण होने से सातरोड़ कलां, लाडवा, सातरोड़ खुर्द (गंगवा रोड) और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आवागमन को सुगम गति मिलेगी। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News