15 लाख रुपये की रिश्वतखोरी मामले में MCD कर्मी समेत तीन लोग गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई

 | 
15 लाख रुपये की रिश्वतखोरी मामले में MCD कर्मी समेत तीन लोग गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई

Udaipur Times, New Delhi : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को 15 लाख रुपये की कथित रिश्वतखोरी के मामले में दिल्ली नगर निगम के एक कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि MCD के विज्ञापन विभाग के अधिकारी टेंडर की अवधि खत्म होने के बाद भी बिलबोर्ड, होर्डिंग, एलईडी डिस्प्ले लगाने की अनुमति देने के बदले रिश्वत वसूल रहे थे।

CBI के अनुसार, इस मामले में MCD के एक इंस्पेक्टर और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि संबंधित अधिकारी तय संख्या से अधिक बिलबोर्ड और अन्य विज्ञापन लगाने की अनुमति देते थे। इसके बदले उनसे बड़ी रकम की अवैध वसूली की जाती थी। 

जांच एजेंसी ने बुधवार को मामला दर्ज करने के बाद जाल बिछाया। 15 लाख रुपये की कथित रिश्वत के लेन-देन के समय तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें MCD के दक्षिण और नजफगढ़ जोन के विज्ञापन विभाग में तैनात वरिष्ठ सचिवालय सहायक अनिल कुमार उर्फ खत्री भी शामिल हैं।

CBI ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें अनिल कुमार उर्फ खत्री, एम/एस नकस क्रिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनंत कुमार शर्मा और इसी कंपनी के प्रतिनिधि दिलीप पटेल शामिल हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News