फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए तीन बहनों ने रचाई एक लड़के से शादी, अब बोली - असली नहीं
Amroha Sisters : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र से ऐसा मामला देखने को मिला था जिसने हर किसी को हैरान कर दिया था। सोशल मीडिया पर एक लड़के से तीन लड़कियों की शादी करने का वीडियो जमकर वायरल हुआ था, लेकिन अब इन तीन बहनों (दो सगी और एक मौसेरी) द्वारा एक ही युवक से शादी रचाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इंटरनेट मीडिया पर रातों-रात सुर्खियां बटोरने वाली बहनों ने अब कबूल किया है कि उन्होंने केवल फालोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए शादी का झूठा नाटक (प्रैंक) रचा था।
हिंदू मैरिज एक्ट के उल्लंघन, सामाजिक विरोध और एक बहन के नाबालिग होने पर कसते कानूनी शिकंजे के बीच सोमवार को तीनों बहनें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश हुईं। उन्होंने समिति को बताया, ''शादी असली नहीं है, महज सब्सक्राइबर बढ़ाने के लिए यह प्रैंक रचा था।
वीडियो बनाने से पहले हमने 19 सेकंड का एक और वीडियो बनाया था, जिसमें इसे प्रैंक बताया गया था, लेकिन उसे अपलोड नहीं किया गया।'' बहनों ने वह 19 सेकंड का अप्रकाशित वीडियो भी समिति को सौंप दिया है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज ने बताया कि फिलहाल तीनों बहनों के बयान दर्ज कर उन्हें जिले से बाहर न जाने की शर्त पर घर भेज दिया गया है। पुलिस और बाल संरक्षण समिति की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हसनपुर निवासी बीटेक छात्रा अलका ने 12वीं पास मौसेरी बहन देविका के साथ मिलकर 'एकेराजपूत 9990' नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखा है। दोनों विभिन्न विषयों पर कैमरामैन व वीडियोग्राफर विकास की मदद से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर अपलोड करती थीं।
