तीन बार की मेहनत लाई रंग, बिना कोचिंग BPSC क्रैक कर मनीषा बनी गांव की पहली महिला अफसर

 | 
तीन बार की मेहनत लाई रंग, बिना कोचिंग BPSC क्रैक कर मनीषा बनी गांव की पहली महिला अफसर

Udaipur Times, Success Story : दृढ़ संकल्प, लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बिहार के सारण (छपरा) जिले की रहने वाली मनीषा रंजन (Manisha Ranjan) ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल की है। तीसरे प्रयास में उन्होंने परीक्षा पास कर लेबर एनफोर्समेंट ऑफिसर (Labour Enforcement Officer) के पद पर चयन हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह अपने गांव और प्रखंड की पहली अफसर बेटी बन गई हैं। उनकी सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

बिजनेसमैन की बेटी ने बढ़ाया परिवार का मान

मनीषा सारण जिले के जलालपुर प्रखंड के साधपुर बल्ली गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता मुकेश कुमार व्यवसायी हैं, जबकि मां अनिता देवी गृहिणी हैं। परिवार फिलहाल पटना में रहता है, जहां उनके पिता का कारोबार है। मनीषा तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उन्होंने BPSC 70वीं परीक्षा में 1797वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया।

बिना महंगी कोचिंग की सेल्फ स्टडी

मनीषा की शुरुआती पढ़ाई पटना के फतुहा स्थित एक निजी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने गंगा देवी महिला कॉलेज से इंटरमीडिएट किया और वर्ष 2019 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री हासिल की।
उन्होंने वर्ष 2022 से BPSC की तैयारी शुरू की। तैयारी के दौरान उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया, बल्कि घर पर रहकर सेल्फ स्टडी के जरिए परीक्षा की तैयारी की। इसी दौरान उन्होंने बीएड की पढ़ाई भी पूरी की और वर्तमान में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।

दोस्तों की सफलता से मिली प्रेरणा

मनीषा बताती हैं कि तैयारी के दौरान कई बार ऐसा समय आया, जब वह निराश हो गईं और खुद पर भरोसा डगमगाने लगा। लेकिन जब उन्होंने अपने दोस्तों को BPSC में सफल होते देखा तो उन्हें दोबारा मेहनत करने की प्रेरणा मिली। यही प्रेरणा उन्हें लगातार आगे बढ़ाती रही और आखिरकार तीसरे प्रयास में सफलता मिली।

रिजल्ट देखकर मां की आंखों में आ गए आंसू

20 जून को जब BPSC का परिणाम आया और उनके चयन की खबर मिली, तो उनकी मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। मनीषा कहती हैं कि यह सफलता सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे परिवार के संघर्ष और सहयोग का परिणाम है। उनकी मां ने हर मुश्किल दौर में उनका हौसला बढ़ाया और कभी हार नहीं मानने दी।

BPSC अभ्यर्थियों को दिए सफलता के मंत्र

72वीं BPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मनीषा ने महत्वपूर्ण सलाह दी है। उनका कहना है कि तैयारी के दौरान कई किताबों और अलग-अलग स्रोतों के पीछे भागने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार एक विश्वसनीय स्रोत से पढ़ाई करें, उसी का बार-बार रिवीजन करें और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दें। उनके मुताबिक सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर अभ्यास और सही रणनीति ही मंजिल तक पहुंचाती है।

14 दिन बचे हैं, नए टॉपिक नहीं, करें रिवीजन

मनीषा ने 72वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह दी कि परीक्षा में अब बहुत कम समय बचा है। ऐसे में नए विषय पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े गए टॉपिक्स का अधिक से अधिक रिवीजन करें। जिन विषयों में कमजोरी महसूस हो रही है, उन पर ज्यादा समय दें। उनका मानना है कि अंतिम दिनों में सही रिवीजन और मॉक टेस्ट ही बेहतर प्रदर्शन की कुंजी हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News