हरियाणा में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण के लिए कल अंतिम दिन, जल्दी करें आवेदन
Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : राज्य सरकार द्वारा खरीफ-2026 के दौरान मेरी फसल-मेरा ब्योरा' पोर्टल पर फसल पंजीकरण से वंचित रह गए किसानों को एक और अवसर प्रदान किया है। डीसी वर्षा खांगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन किसानों ने अभी तक अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण नहीं कराया है, वे रविवार, 27 सितंबर तक पोर्टल पर अपनी कृषि भूमि एवं फसल विवरण दर्ज करवा सकते हैं।
डीसी ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण से छूटे हुए किसान उपमंडल अधिकारी (नागरिक) झज्जर, बेरी, बादली व बहादुरगढ़ के कार्यालय में जाकर भी अपनी कृषि भूमि व फसल से संबंधित जानकारी दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों द्वारा दर्ज किए गए भूमि एवं फसल संबंधी विवरण का सत्यापन सेटेलाइट डाटा तथा संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा ग्राउंड ट्रूथिंग एवं मौका निरीक्षण के माध्यम से करवाया जाएगा। पोर्टल पर किया गया फसल पंजीकरण सत्यापन उपरांत ही मान्य माना जाएगा।
सही विवरण दर्ज करने की अपील
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के किसानों से अपील करते हुए कहा कि फसल पंजीकरण के समय अपनी भूमि एवं फसल से संबंधित पूर्ण एवं सटीक जानकारी दर्ज करें। सही विवरण देने से सत्यापन प्रक्रिया और फसल बेचने में किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
डीसी ने बताया कि पोर्टल के पुनः खुलने की अवधि में 27 सितंबर के दौरान सभी संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों को फसल पंजीकरण प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों का मार्गदर्शन करें ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।