दिल्ली से हरियाणा का सफर होगा अब सुपरफास्ट, 33 हजार करोड़ की लागत से तैयार होगा पूरा रोडमैप ?

 | 
दिल्ली से हरियाणा का सफर होगा अब सुपरफास्ट, 33 हजार करोड़ की लागत से तैयार होगा पूरा रोडमैप ?

Udaipur Times, New Delhi : दिल्ली और हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। दिल्ली से पानीपत और करनाल तक नमो भारत ट्रेन चलाने की परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 33,051 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कॉरिडोर के दिल्ली वाले हिस्से में निर्माण से पहले जमीन की मजबूती की जांच की जाएगी।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) सराय काले खां से सिंधु बॉर्डर तक जमीन की भार वहन क्षमता का आकलन कराएगा। इसके लिए निगम ने शुरुआती पाइल लोड टेस्ट की निविदा जारी की है। इस काम को पूरा करने के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है।

परीक्षण के जरिए पता लगाया जाएगा कि जमीन के भीतर प्रस्तावित नींव कितना भार सहन कर सकती है। साथ ही खंभों, पुलों और अन्य संरचनाओं के निर्माण के लिए मिट्टी की प्रकृति और नींव की आवश्यक गहराई का आकलन किया जाएगा। जांच के नतीजों के आधार पर निर्माण की तकनीकी योजना तैयार होगी। दिल्ली में घनी आबादी, व्यस्त सड़कों और भूमिगत सेवाओं के बीच कॉरिडोर विकसित किया जाना है। ऐसे में निर्माण शुरू होने से पहले जमीन की स्थिति का आकलन परियोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई 136.30 किलोमीटर होगी। यह दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए सोनीपत, पानीपत और करनाल तक पहुंचेगा। इसके लिए दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समानांतर मार्ग विकसित करने की योजना है। कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें अधिकांश स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि कश्मीरी गेट स्टेशन भूमिगत बनाया जाएगा।

दिल्ली में इस कॉरिडोर के छह स्टेशन होंगे। इनमें इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झरोदा माजरा, भलस्वा, अलीपुर और नरेला शामिल हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News