हरियाणा से यूपी का सफर होगा आसान ! यमुना पुल को जोड़ने के लिए यहां बनेगा दो लेन का लिंक मार्ग
Udaipur Times, Faridabad News: हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा की सीमा में मुर्तजाबाद गांव के पास यमुना पुल को जोड़ने के लिए दो लेन का लिंक मार्ग बनाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग इस परियोजना पर अनुमानित 25 करोड़ 55 लाख 63 हजार रुपये खर्च करेगा।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने के लिए हसनपुर में मुर्तजाबाद गांव के पास यमुना पर बनाए जा रहे पुल के लिए दो लेन का लिंक मार्ग बनाया जाएगा। निर्माण एजेंसी के चयन के लिए निविदा लगा दी है।
निविदा के मुताबिक लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) की ओर से यह काम कराया जाएगा। इसका उद्देश्य पुल को हरियाणा की तरफ से सड़क मार्ग से जोड़ना है। मिली जानकारी के अनुसार, नई सड़क बनाने के साथ जरूरत के अनुसार मौजूदा रास्तों को भी बेहतर किया जाएगा। सड़क निर्माण में मिट्टी का काम, मजबूत आधार और तारकोल की परत बिछाने का काम शामिल है। इससे पुल तक पहुंचने वाले वाहनों को बेहतर रास्ता मिलेगा। अभी इस परियोजना के लिए 25 करोड़ 55 लाख 63 हजार रुपये का अनुमान तय किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण के साथ पानी की निकासी का भी इंतजाम किया जाएगा। परियोजना में जल निकासी के लिए नालियां और अन्य जरूरी संरचनाएं बनाने का प्रावधान है। इससे बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। सड़क के किनारों और जरूरत वाले स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएंगे। पुल के आसपास सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए गार्ड पोस्ट और सुरक्षा रेलिंग लगाई जाएंगी।
परियोजना में रात के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था भी शामिल है। इसके लिए 12.5 मीटर ऊंचे दो हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रावधान किया गया है। इन लाइटों से पुल की तरफ जाने वाले रास्ते और आसपास के हिस्से में रोशनी मिलेगी। रात में आवागमन करने वाले वाहन चालकों को रास्ता देखने में आसानी होगी। वहीं, वाहन चालकों को रास्ते की सही जानकारी देने के लिए सड़क पर संकेतक और दिशा बताने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे। सड़क पर सफेद पट्टियां और जरूरी निशान भी बनाए जाएंगे। करीब 3647 वर्ग मीटर क्षेत्र में 80 मिलीमीटर मोटी इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने का प्रावधान है।
जैसा की बताया जा रहा है मुर्तजाबाद में यमुना पर प्रस्तावित दो लेन का ऊंचा पुल हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा।