नोएडा से दिल्ली का सफर होगा आसान, इन 2 नए मेट्रो कॉरिडोर की मिली मंजूरी
Udaipur Times , New Metro Cooridor : मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक बनने वाले दो नए मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को ठेका दिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो का संपर्क और मजबूत होगा और लाखों लोगों को सफर की सुविधा भी मिलेगी। साथ ही ग्रेटर नोएडा, जेवर क्षेत्र और भविष्य के मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंच आसान हो जाएगा। इससे यात्रियों को कम समय में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
इन दो नए कॉरिडोरों पर होगा काम
जानकारी के मुताबिक, NMRC ने एक्वा लाइन के दो विस्तार मार्गों के निर्माण के लिए एलएंडटी को चुना है। पहला कॉरिडोर बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक बनेगा, जिसकी कुल लंबाई 11.56 किलोमीटर होगी। दूसरा विस्तार ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर लंबा होगा। NMRC के अधिकारियों के द्वारा दोनों परियोजनाओं को पूरा करने के लिए लगभग तीन साल का लक्ष्य रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस नई परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक बनने वाला कॉरिडोर माना जा रहा है। करीब 2,254.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस लाइन पर आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 (नोएडा अथॉरिटी कार्यालय), सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 (पुलिस कमिश्नरेट), सेक्टर-93 और सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल होंगे।
