भारत-नेपाल का सफर होगा आसान ! 4 लेन हाईवे को लेकर Good News, जानिए कब से होगा शुरू ?

 | 
भारत-नेपाल का सफर होगा आसान ! 4 लेन हाईवे को लेकर Good News, जानिए कब से होगा शुरू ?

Udaipur Times, India-Nepal four-lane highway : भारत (India) और नेपाल (Nepal) के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड के बनबसा से नेपाल सीमा तक बन रहे चार-लेन हाईवे का करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। परियोजना के अप्रैल 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने के बाद उत्तराखंड के रास्ते भारत और नेपाल के बीच आवाजाही पहले से अधिक तेज और आसान हो जाएगी।

यह 3.65 किलोमीटर लंबा चार-लेन हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से बनबसा के जगबुड़ा पुल से भारत-नेपाल सीमा तक बनाया जा रहा है। यह नेपाल का उत्तराखंड के जरिए भारत से जुड़ने वाला पहला चार-लेन सड़क मार्ग होगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा हाईवे

यह हाईवे शारदा नदी के पुल से होकर नेपाल के दोधारा-चांदनी स्थित प्रस्तावित ड्राई पोर्ट से सीधे जुड़ेगा। भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे इस कॉरिडोर में एक बड़ा पुल, एक छोटा पुल, रेलवे ओवरब्रिज (ROB), फ्लाईओवर, छह कल्वर्ट, अंडरपास, वायाडक्ट और 1,870 मीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन शामिल है। एलिवेटेड हिस्सा आसपास के गांवों को बाढ़ से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस परियोजना से भारत और नेपाल के बीच व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है। नया ड्राई पोर्ट माल ढुलाई को आसान बनाएगा, जबकि सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी बड़ा फायदा मिलने की संभावना है।

वन्यजीव संरक्षण का भी रखा गया ध्यान

हाईवे का एक हिस्सा हाथियों के कॉरिडोर से होकर गुजरता है। वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 750 मीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसके अलावा शारदा नहर पर 55 मीटर लंबे गर्डर ब्रिज का निर्माण भी जारी है।

बनेगा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट

भारत-नेपाल सीमा पर एक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) भी विकसित किया जाएगा। यहां सुरक्षा, आव्रजन (इमिग्रेशन) और सीमा शुल्क (कस्टम) से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इस परिसर में एसएसबी, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, कस्टम विभाग, लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और उत्तराखंड पुलिस की इकाइयां भी मौजूद रहेंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News