गुरुग्राम की महंगाई से परेशान ! यहां बना मिडिल क्लास लोगों का नया ठिकाना, बिल्कुल सस्ते में मिल रहे घर ?
Udaipur Times, Gurugram vs Noida Mid Segment : दिल्ली-एनसीआर का गुरुग्राम तेजी से प्रीमियम और लग्जरी हाउसिंग हब बनता जा रहा है। यहां मिड-सेगमेंट के घरों की कीमतें भी अब आम खरीदारों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। ऐसे में मिडिल क्लास परिवारों के लिए नोएडा एक किफायती विकल्प बनकर उभरा है, जहां अपेक्षाकृत कम कीमत में घर खरीदे जा सकते हैं।
रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही में गुरुग्राम में मिड-सेगमेंट घरों की औसत कीमत 14,000 से 18,000 रुपये प्रति वर्गफुट तक पहुंच गई है। इसके मुकाबले नोएडा में मिड-सेगमेंट प्रॉपर्टी की कीमत 10,000 से 13,000 रुपये प्रति वर्गफुट के बीच बनी हुई है।
गुरुग्राम के इन इलाकों में महंगे हुए घर
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम में मिड-सेगमेंट हाउसिंग की सबसे ज्यादा मांग और सप्लाई सोहना रोड के सेक्टर 38, 47 और 49, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), न्यू गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास देखने को मिल रही है। इन इलाकों में कीमतों में लगातार तेजी दर्ज की गई है।
नोएडा के इन सेक्टरों में मिल रहे किफायती घर
वहीं, नोएडा में मिड-सेगमेंट के घर सेक्टर 50, 74, 79, 82, 83, 110, 112, 115 से 121, 134, 135, 137, 143, 150, 151 और 168 में उपलब्ध हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे भी घर खरीदारों की पसंदीदा लोकेशन बनकर उभर रहे हैं।
नई लॉन्चिंग में बढ़ी हिस्सेदारी
रिपोर्ट बताती है कि 2026 की पहली तिमाही में दिल्ली-एनसीआर की कुल नई हाउसिंग लॉन्चिंग में ग्रेटर नोएडा की हिस्सेदारी 23% और नोएडा की हिस्सेदारी 4% रही। वहीं, नोएडा के मिड-सेगमेंट हाउसिंग बाजार में सालाना आधार पर प्रॉपर्टी की कीमतों में 9% की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती कीमतों के कारण अब बड़ी संख्या में मिडिल क्लास खरीदार नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर रुख कर रहे हैं, जहां बेहतर कनेक्टिविटी और अपेक्षाकृत कम कीमत पर घर उपलब्ध हैं।
