Tube Tyre vs Tubeless Tyre : कौन-सा टायर रहेगा ज्यादा फायदेमंद, जाने दोनों के अलग-अलग फायदे और नुकसान ?
Udaipur Times, Tubeless vs Tube Tyres : बाइक के लिए टायर खरीदने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि ट्यूब (Tube Tyre) लें या ट्यूबलेस टायर (Tubeless Tyre)। ये दोनों तरह के टायर बाजार में उपलब्ध हैं और दोनों की अपनी-अपनी खूबियां और सीमाएं हैं। हालांकि, आज के समय में ज्यादातर नई गाड़ियों में ट्यूबलेस टायर का इस्तेमाल किया जा रहा है, क्योंकि इन्हें ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक माना जाता है।
क्या होता है Tube Tyre?
Tube Tyre पुरानी तकनीक पर आधारित टायर है। इसमें टायर के अंदर रबर की एक इनर ट्यूब (Inner Tube) होती है, जिसमें हवा भरी जाती है। यही ट्यूब हवा को संभालकर रखती है, जबकि बाहरी टायर सड़क पर पकड़ और संतुलन बनाए रखता है।
इस टायर के फायदें
स्पोक (Spoke) वाले पहियों में आसानी से फिट हो जाते हैं। खराब, कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्तों पर झटकों को बेहतर तरीके से सहन करते हैं। शुरुआती कीमत ट्यूबलेस टायर की तुलना में कम होती है।
इस टायर के नुकसान
यदि कील या कोई नुकीली चीज चुभ जाए तो ट्यूब फट सकती है और हवा तेजी से निकल जाती है। तेज रफ्तार में अचानक हवा निकलने से वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। पंचर बनने के लिए टायर खोलकर ट्यूब निकालनी पड़ती है, जिससे समय और मेहनत दोनों ज्यादा लगते हैं। ट्यूब होने के कारण वजन अधिक होता है, जिससे माइलेज पर थोड़ा असर पड़ सकता है।
क्या होता है Tubeless Tyre?
Tubeless Tyre आधुनिक तकनीक वाला टायर है, जिसमें अलग से ट्यूब नहीं होती। टायर सीधे व्हील रिम (Wheel Rim) के साथ एयरटाइट सील बनाकर फिट होता है और हवा उसी के अंदर सुरक्षित रहती है। यही कारण है कि आज अधिकतर नई कारों और मोटरसाइकिलों में फैक्ट्री से ही ट्यूबलेस टायर दिए जाते हैं।
इसके फायदें
पंचर होने पर हवा अचानक नहीं निकलती, बल्कि धीरे-धीरे लीक होती है, जिससे वाहन को सुरक्षित तरीके से रोका जा सकता है। कई मामलों में बाइक या कार को कुछ किलोमीटर तक चलाकर नजदीकी मैकेनिक तक ले जाया जा सकता है। छोटे पंचर को बिना टायर निकाले केवल पंक्चर प्लग किट (Puncture Plug Kit) से कुछ ही मिनटों में ठीक किया जा सकता है।
ट्यूब नहीं होने से वजन कम रहता है, जिससे इंजन पर कम दबाव पड़ता है और माइलेज बेहतर मिलता है। लंबे सफर में टायर कम गर्म होते हैं, जिससे उनकी परफॉर्मेंस और लाइफ बढ़ जाती है। बेहतर ग्रिप और सुरक्षा के कारण हाईवे और शहर दोनों जगह ज्यादा भरोसेमंद माने जाते हैं।
इसके नुकसान
इनकी शुरुआती कीमत Tube Tyre से अधिक होती है। सही तरीके से काम करने के लिए एयरटाइट रिम की जरूरत होती है। पुराने स्पोक व्हील वाले वाहनों में इन्हें सीधे इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। साइडवॉल (Sidewall) पर गंभीर कट लगने की स्थिति में मरम्मत मुश्किल और महंगी हो सकती है।
कौन-सा टायर खरीदना रहेगा सही?
अगर आपकी बाइक या कार मॉर्डन है और आप रोजाना शहर या हाईवे पर सफर करते हैं, तो Tubeless Tyre सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। यह बेहतर सुरक्षा, आसान मेंटेनेंस, अच्छा माइलेज और आरामदायक राइडिंग का अनुभव देता है।
वहीं, यदि आपके पास पुरानी बाइक, ट्रैक्टर या स्पोक व्हील वाला वाहन है और आप उबड़-खाबड़ या ग्रामीण इलाकों में ज्यादा सफर करते हैं, तो Tube Tyre भी एक अच्छा और किफायती विकल्प हो सकता है।
