Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा के भिवानी जिले के गांव बामला के लिए गर्व का मौका है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षा-2025 में गांव के 2 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर HCS अधिकारी बनने का मुकाम पाया है। जानकारी के लिए आपको बता दें की गांव बामला की रेनू ग्रेवाल ने 9वीं रैंक हासिल की, जबकि अतुल कुमार 13वें स्थान पर रहे।
रेनू ने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की, जबकि अतुल कुमार ने करीब एक साल की तैयारी के बाद पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर ली।
दोनों का गांव में सम्मान किया गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार सहित सहयोग करने वाले लोगों को दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, HPSC परीक्षा-2025 में 9वीं रैंक हासिल करने वाली रेनू ग्रेवाल ने बताया कि इस परीक्षा को पास करने तक उनका सफर 4 साल का रहा। यह उनका तीसरा प्रयास था। पहले 2 बार वह सफल नहीं हो पाईं, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी और मेहनत जारी रखी। आखिरकार उन्हें सफलता मिली।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और मदद करने वाले सभी लोगों को दिया।
रेनू ने कहा कि युवाओं को यह पता होना चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं, ताकि उन्हें समझ आए कि वे सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि परिवार का पूरा सहयोग मिला और उनकी तरफ से कभी कोई दबाव नहीं रहा। कई बार दबाव व्यक्ति को अपनी क्षमता विकसित करने नहीं देता। असफल होने पर भी परिवार ने उन्हें यही कहा कि कोशिश जारी रखें, सफलता नहीं मिली तो भी कोई बात नहीं। परिवार का यह सहयोग उनके लिए बहुत मददगार रहा।
वही दूसरी और HPSC परीक्षा-2025 में 13वीं रैंक हासिल करने वाले अतुल कुमार ने बताया कि पहले उनके गांव को अलग तरीके से जाना जाता था, लेकिन अब हर साल यहां से कोई न कोई अधिकारी बन रहा है। गांव से खिलाड़ी और वीर सैनिक भी निकल रहे हैं, जिससे गांव का नाम ऊंचा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां तक पहुंचने का संघर्ष काफी लंबा रहा। सभी का सहयोग मिलता है और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने पर सफलता मिलती है। अतुल ने बताया कि जब गांव में कोई बड़ा अधिकारी बनता था तो उसे सम्मानित किया जाता था। इससे उन्हें काफी प्रेरणा मिली।