गणगौर घाट पर दो दिवसीय ‘‘मल्हार’’ का आयोजन 29 से

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की ओर से आगामी 29 व 30 अगस्त को उदयपुर की प्रसिद्ध पिछोला झील के किनारे स्थित गणगौर घाट पर शास्त्रीय व लोक कलाओं से अलंकृत सांस्कृतिक सांझ ‘‘मल्हार’’ का आयोजन किया जायेगा।

 | 

केन्द्र निदेशक श्री शैलेन्द्र दशोरा ने इस आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण व भादो मास के प्राकृतिक वातावरण कलात्मक रूप से दर्शाने तथा कला वैविध्य में इनके सम्मिश्रण को कला रसिकों तक पहुचाने के लिये केन्द्र द्वारा तीन वर्ष पूर्व गणगौर घाट पर मल्हार का आयोजन प्रारम्भ किया गया।

उन्होंने बताया कि इस ऋतु में मेघ मल्हार, मल्हार इत्यादि रागों को गाये व बजाये जाने की परंपरा रही है। इस परिप्रेक्ष्य में आयोजित उत्सव के पहले दिन 29 अगस्त को मुंबई की डॉ. चेतना बनावत का शास्त्रीय गायन होगा। इसके पश्चात कत्थक केन्द्र नई दिल्ली द्वारा कत्थक प्रस्तुति होगी। इस आयोजन में ब्रज क्षेत्र भरतपुर का मयूर नृत्य दोनो दिन प्रस्तुत किया जायेगा।

दशोरा ने बताया कि उत्सव के दूसरे दिन कोटा के डॉ. विकास भारद्वाज का सितार वादन होगा तथा इसके बाद कत्थक व मयूर नृत्य की प्रस्तुति होगी। दो दिवसीय इस आयोजन में जन सामान्य के लिये प्रवेश निःशुल्क होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News