धार्मिक और पर्यटन स्थलों के आस पास धूम्रपान तंबाकू की दुकानों पर पाबंदी लगाने की मांग

मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उदयपुर (पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है

 | 
Congress leaders submit memorandum demanding ban on smoking and tobacco shops near temples and tourist places in Udaipur

उदयपुर, Mar 9, 2026: उदयपुर में मंदिरों, धर्मस्थलों, पूजनीय घाटों और प्रमुख पर्यटक स्थलों के आसपास धूम्रपान और तंबाकू की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उदयपुर (पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

जिलाध्यक्ष प्रतीक नागर ने बताया कि शहर के कई मंदिरों, धार्मिक स्थलों और पूजनीय घाटों के आसपास की गलियों में सिगरेट, बीड़ी और तंबाकू से संबंधित दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इन स्थानों पर खुलेआम धूम्रपान और तंबाकू की बिक्री होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है तथा पवित्र स्थलों की गरिमा भी प्रभावित होती है।

ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि मंदिरों, धर्मस्थलों, पूजनीय घाटों और प्रमुख पर्यटक स्थलों के आसपास सिगरेट, बीड़ी और तंबाकू के उपयोग तथा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, ताकि इन स्थानों की पवित्रता और गरिमा बनी रह सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार शराब के ठेकों के बाहर सार्वजनिक रूप से शराब पीने पर प्रतिबंध होता है और ऐसा करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है, उसी तरह इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों के आसपास भी धूम्रपान और तंबाकू के सेवन पर सख्त रोक लगाई जानी चाहिए।

ज्ञापन में निवर्तमान पार्षद गौरव प्रताप सिंह, पूर्व कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष कौशल आमेटा और अन्य पदाधिकारियों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News