उदयपुर में दाउदी बोहरा समुदाय ने अकीदत के साथ मनाया इमाम हुसैन का चेहलुम

 | 
Chehlum 2026 Udaipur

 

Udaipur Times, Chehlum 2026: दाउदी बोहरा समुदाय द्वारा इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद (स.अ.) के नवासे, शहीद-ए-कर्बला हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) एवं उनके 72 वफादार साथियों के चेहलुम का आयोजन श्रद्धा, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ किया गया।

Chehlum 2026

रविवार एवं सोमवार की दरमियानी रात बोहरवाड़ी स्थित वजीहपुरा मस्जिद में चेहलुम की मजलिस आयोजित हुई। मजलिस को संबोधित करते हुए जनाब अली हुसैन खिलौना वाला ने कर्बला में इमाम हुसैन की कुर्बानी का विस्तार से बयान किया। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) की शहादत सच्चाई, इंसाफ तथा  इंसानियत की रक्षा के लिए दिया गया एक अमर संदेश है, जो आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Chehlum 2026

मजलिस के दौरान असरार अहमद जावरिया वाला एवं पार्टी, मुजम्मिल एवं पार्टी, मोइज अली एवं पार्टी तथा सरफराज मुहिब एवं पार्टी ने मर्सिया और नौहा पेश कर हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) एवं अहले बैत को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। उपस्थित समुदाय जनों ने अत्यंत भाव-विभोर होकर मजलिस में सहभागिता की।

Chehlum 2026

चेहलुम के अवसर पर सोमवार सायंकाल बोहरवाड़ी स्थित जमाअतखाना में सामूहिक नियाज़ का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दाउदी बोहरा समुदाय के लोगों ने भाग लिया तथा इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में नियाज़ ग्रहण की।

दाउदी बोहरा समुदाय में चेहलुम का आयोजन हर वर्ष कर्बला के शहीदों की कुर्बानी को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों सत्य, इंसाफ, त्याग और मानवता को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ किया जाता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News