उदयपुर के इक़बाल सक्का ने फीफा मैदान में सजाए 50 झंडो, के बीच फीफा, ट्रॉफी व बॉल

भारतीय तिरंगे की गैरमौजूदगी की कसक को दी कलात्मक अभिव्यक्ति
 | 
Dr Iqbal Sakka

 

Udaipur Times, Udaipur Local News: 30 जून 2026। 211 विश्व रिकॉर्ड होल्डर, अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार प्रोफेसर डॉक्टर इक़बाल सक्का ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अपनी अनूठी कलाकृति के माध्यम से हर भारतीय के दिल की कसक को आवाज़ दी है।

डॉ. सक्का ने कहा, "विश्व कप में 48 देशों की टीमें खेल रही हैं, लेकिन दुख इस बात का है कि 140 करोड़ की आबादी वाले हमारे देश की टीम वहां नहीं है। 48 देशों के झंडों के बीच जब अपना तिरंगा नहीं दिखता, तो हर भारतीय के दिल में एक टीस उठती है।"

इसी टीस को दर्शाने के लिए डॉ. सक्का ने चांदी से फीफा वर्ल्ड कप का मैदान बनाया है, जिसे हरी घास से सजाया गया है। इस मैदान में उन्होंने 48 भाग लेने वाले देशों के 48 झंडों के साथ-साथ एक भारतीय तिरंगा और एक फीफा वर्ल्ड कप का झंडा भी स्थापित किया है। कुल 50 झंडों से सजे इस मैदान में विश्व की सबसे छोटी सोने की कलाकृति रखी है।   

सूक्ष्म लेंस से दिखाई देने वाली इस कलाकृति में दो मानव आकृतियों के साथ फीफा वर्ल्ड कप और फुटबॉल बनाई गई है। यह कलाकृति पूरी दुनिया को भारतीय तिरंगे की उपस्थिति का एहसास कराती है। डॉ. सक्का ने कहा कि इस कलाकृति ने 140 करोड़ लोगों का दिल जीत लिया है।

उन्होंने भावुक होकर कहा, "मेरी तमन्ना है कि आने वाले समय में भारतीय टीम फीफा वर्ल्ड कप खेले और कप जीते, ताकि मैं अपनी यह विश्व रिकॉर्ड कलाकृति और मेरे द्वारा निर्मित विश्व की सबसे छोटी सोने की ट्रॉफी देश के खिलाड़ियों को भेंट कर सकूं। मुझे बेसब्री से अपनी भारतीय टीम का इंतजार है।"

डॉ. सक्का ने बताया कि उन्होंने देश के प्रधानमंत्री एवं खेल मंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि जब तक भारतीय टीम विश्व कप नहीं खेल लेती, तब तक इस कलाकृति को भारतीय संग्रहालय में सजाकर रखा जाए।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News