UDAIPUR NEWS: आत्मसम्मान और न्याय संदेश देती है उदयपुर के चिन्मय भट्ट की “हिसाब”
Udaipur, June 19 | Movie Premier: आत्मसम्मान, न्याय और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित प्रेरक लघु फिल्म “हिसाब” का रिलीज एवं उद्घाटन कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शक भावुक हो गए।
फिल्म डायरेक्टर चिन्मय भट्ट ने बताया कि स्थानीय कलाकारों के साथ बनी फिल्म “हिसाब” आज के समाज की एक महत्वपूर्ण सच्चाई को सामने लाती है, जहाँ कई लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के बावजूद अन्याय और शोषण के सामने मौन रह जाते हैं। फिल्म की कहानी एक सम्पन्न व्यक्ति और उसके यहाँ कार्यरत आया के बीच वेतन के “हिसाब” से शुरू होती है, लेकिन अंत में यह आत्मसम्मान, अधिकार और मानवीय गरिमा का गहरा संदेश देकर दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देती है।
फिल्म के उद्घाटनकर्ता BJP प्रदेश प्रतिनिधि चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने बताया कि “हिसाब” का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज में न्याय, आत्मसम्मान और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जब चुप्पी को कमजोरी समझ लिया जाता है तो अपने अधिकारों के लिए सम्मानपूर्वक आवाज उठाना आवश्यक हो जाता है। हिसाब पैसों का ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और न्याय का भी होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह फिल्म हर आयु वर्ग के दर्शकों को प्रभावित करेगी और उन्हें सकारात्मक सोच तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देगी।
फिल्म उद्घाटन में उपस्थित अतिथियों ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि “हिसाब केवल एक लघु फिल्म नहीं, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। यह हमें सिखाती है कि चुप्पी कई बार कमजोरी समझ ली जाती है और अपने अधिकारों के लिए सम्मानपूर्वक आवाज उठाना आवश्यक है"।
फिल्म में हास्य, व्यंग्य, संवेदनशीलता और मानवीय मनोविज्ञान का प्रभावशाली समन्वय देखने को मिलता है। दर्शकों ने विशेष रूप से फिल्म के अप्रत्याशित अंत की प्रशंसा की, जहाँ कहानी करुणा और न्याय के संदेश के साथ एक प्रेरणादायक मोड़ लेती है। कार्यक्रम में अनेक समाजसेवी, युवा एवं फिल्म प्रेमी उपस्थित रहे।
