मुखर्जी चौक सब्जी मंडी क्षेत्र से नगर निगम ने 9 गोवंश पकड़कर काइन हाउस भेजे
Udaipur, July 9, 2026 | उदयपुर से लोकल खबर: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम उदयपुर द्वारा आवारा एवं खुले में छोड़े गए पशुओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम की टीम ने मुखर्जी चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़कों पर घूम रहे 9 गोवंश को पकड़कर काइन हाउस भिजवाया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ पशुपालक दूध निकालने के बाद अपने गोवंश को सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं। इससे प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए निगम द्वारा नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि मुखर्जी चौक शहर का अत्यंत व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी एवं अन्य कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में सड़कों पर घूमते गोवंश आमजन और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। अभियान के दौरान पकड़े गए सभी 9 गोवंश को सुरक्षित रूप से काइन हाउस पहुंचाया गया।
लगातार जारी रहेगी कार्यवाही
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गोवंश को खुला छोड़ना शहर की व्यवस्था को बिगाड़ने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। ऐसे पशुपालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना लगाने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। निगम आयुक्त ने शहरवासियों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गोवंश को खुले में न छोड़ें तथा उनकी उचित देखभाल करें। नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना है। यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
