Re-NEET Udaipur: परीक्षार्थी ने समय से पूर्व पेपर लेने का लगाया आरोप
Udaipur, June 22, 2026 | NEET Exam Update: उदयपुर में आयोजित री-नीट (Re-NEET) परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी ने परीक्षा संचालन में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परीक्षार्थी रिया पारीख ने ज़िला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर बताया कि परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले ही उनकी उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्र ले लिया गया, जिससे वह परीक्षा पूरी नहीं कर सकीं।
रिया पारीख के अनुसार उनका परीक्षा केंद्र मीरा गर्ल्स कॉलेज में था और उन्हें कक्ष संख्या 134 आवंटित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कक्ष में तैनात इन्विजिलेटर ने परीक्षा शुरू होने के तीन घंटे बाद ही उनका पेपर ले लिया, जबकि इस बार री-नीट परीक्षा के लिए कुल समय 3 घंटे 15 मिनट निर्धारित किया गया था।
परीक्षार्थी का कहना है कि अतिरिक्त 15 मिनट उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे और इसी दौरान उन्हें अपनी OMR शीट पूरी करनी थी। समय से पहले पेपर ले लिए जाने के कारण उनकी OMR शीट अधूरी रह गई, जिससे उनके परिणाम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
रिया पारीख ने ज़िला कलेक्टर और SP के समक्ष उपस्थित होकर अपनी पीड़ा व्यक्त की तथा मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि नीट परीक्षा सामान्यतः तीन घंटे की होती है, लेकिन इस बार री-नीट परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों पर मानसिक तनाव को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया था। इसी के तहत परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट निर्धारित की गई थी।
